संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। रोहतक रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के एक मार्ग को आवागमन के लिए चालू करने में रेलवे तारीख पर तारीख दे रहा है। आरओबी 15 मार्च को रेलवे के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मरम्मत की बात कहकर एक माह के लिए बंद करवाया था, लेकिन तीन माह बीतने के बाद भी नहीं खोला। यह मार्ग रोहतक वाया खरखौदा जाने का मुख्य मार्ग है। वनवे होने से दिन में कई बार जाम की स्थिति बन रही है। इससे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में वाहन चालकों में रोष है।
वाहन चालकों का कहना है कि वह तीन माह से आरओबी के बंद मार्ग के खुलने का इंतजार कर रहे हैं। मार्च में आरओबी को बंद करने के बाद रेलवे ने एक माह के अंदर मरम्मत का कार्य पूरा करवाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद मरम्मत का कार्य अधूरा होने का हवाला देते हुए आरओबी को मई के आखिरी सप्ताह में खोलने का दावा किया गया था, लेकिन 30 मई तक करीब 30 फीसदी काम अधूरा था। ऐसे में अब रेलवे ने जून के अंत में आरओबी के बंद मार्ग को खोलने का आश्वासन दिया है।
दिल्ली से अधिकारियों की टीम करेगी निरीक्षण
रेलवे अधिकारी के अनुसार इस आरओबी की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। जून के अंत में दिल्ली से अधिकारियों की टीम आरओबी का निरीक्षण करेगी। टीम में रेलवे के वरिष्ठ इंजीनियर स्तर के अधिकारी शामिल हो सकते हैं। जांच के बाद ही आरओबी को वाहन चालकों के आवागमन के लिए खोला जाएगा।
नेता भी कर चुके हैं मार्ग खोलने की मांग
भाजपा नेता राजीव जैन ने एक माह पहले रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर से लोगों की मांग पर रोहतक रोड स्थित आरओबी के मार्ग को जल्द खोलने की बात कही थी। रेलवे अधिकारी ने मई के अंत में मार्ग को खोलने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक मार्ग को खोला नहीं गया। मार्ग बंद होने से रोहतक रोड, आरओबी के पास चौक पर, काठ मंडी व गुड़ मंडी में कई बार जाम की स्थिति बनी रहती है।
23 वर्ष पहले बनाया था एक मार्ग
रेलवे ने रोहतक रोड स्थित ओवरब्रिज का एक मार्ग वर्ष 2000 से पहले बनाया था, जबकि दूसरा हिस्सा वर्ष 2014 में बनाया गया है। रेलवे ने पुराने ओवरब्रिज के हिस्से व सड़क की मरम्मत करवाने के लिए इसे एक माह के लिए बंद किया था। एक तरफ का मार्ग बंद होने से दूसरे मार्ग पर वाहनों का आवागमन बढ़ने से जाम की स्थिति बनने लगी है।
रोहतक रोड स्थित आरओबी पर मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। जून के अंत में दिल्ली से अधिकारियों की टीम निरीक्षण कर कार्य का जायजा लेगी। इसके बाद मार्ग को खुलवा दिया जाएगा।
- नरेश कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, उत्तर रेलवे, सोनीपत।