फोटो 18- जितेंद्र छिक्कारा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।
सोनीपत। राजकीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए शिक्षा विभाग बेहतर प्रयास कर रहा है। इस कड़ी में अब स्कूल से दो या इससे अधिक किलोमीटर की दूरी से आने वाले विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की जाएंगी। इसके लिए 21 अगस्त को शिक्षा विभाग की तरफ से साइकिल मेला लगाया जाएगा।
शहर के आठ मरला स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में लगाए जाने वाले साइकिल मेले के लिए विभिन्न कंपनियों के साइकिल डीलरों को आमंत्रित किया गया है। शिक्षा विभाग की तरफ से राजकीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले अनुसूचित जाति के छठीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए योजना शुरू की हुई है। इसके अनुसार अगर विद्यार्थी का घर स्कूल से दो या इससे अधिक किलोमीटर की दूरी पर है तो उसे आने-जाने के लिए साइकिल मुहैया कराई जाएगी। शिक्षा विभाग ने इसके लिए वितरित की जाने वाली साइकिलों की राशि भी निर्धारित की हुई है। जिसे साइकिल खरीदने के बाद विद्यार्थी के बैंक खाते में भेज दिया जाता है। इसमें 20 इंच की साइकिल के लिए 2800 रुपये और 22 इंच की साइकिल के लिए तीन हजार रुपये की राशि मुहैया करवाई जाती है। शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थी साइकिल मेले में शामिल होकर अपनी मनपसंद साइकिल का चयन कर सकते हैं।
अतिरिक्त राशि का अभिभावकों को करना होगा भुगतान
अधिकारियों का कहना है कि साइकिल मेले में विभिन्न कंपनियों के डीलर अपनी साइकिलें प्रदर्शित करने के लिए मेले में आएंगे। विद्यार्थी यदि निर्धारित राशि से अधिक कीमत की साइकिल पसंद करते हैं तो विभाग की तरफ से दी जाने वाली राशि से अतिरिक्त राशि का भुगतान अभिभावकों को करना होगा। विभाग की तरफ से निर्धारित राशि ही उसके खाते में डाली जाएगी।
राजकीय स्कूलों में दो या इससे अधिक किलोमीटर की दूरी से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए साइकिल मेला लगाया जाएगा। 21 अगस्त को लगने वाले साइकिल मेले में विद्यार्थी अपनी मनपसंद साइकिल खरीद सकते हैं। शिक्षा विभाग निर्धारित राशि विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजेगा। निर्धारित राशि से अधिक की साइकिल खरीदने पर विद्यार्थियों के अभिभावकों को अतिरिक्त राशि का भुगतान करना होगा।
जितेंद्र छिक्कारा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सोनीपत