फोटो 28- सोनीपत के आठ मरला स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में लगाए गए साइकिल मेले में साइकिलें
सोनीपत। आठ मरला स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को साइकिल मेला लगाया गया। इसमें महज तीन साइकिल निर्माता कंपनियों के डीलर ही अपनी साइकिल लेकर पहुंचे और प्रदर्शनी लगाई। जबकि साइकिल मेले के लिए सात कंपनी के डीलरों को आमंत्रित किया गया था। साइकिल मेले में अभिभावकों संग पहुंचे 29 विद्यार्थियों ने साइकिलें पसंद करते हुए आवेदन किया।
शिक्षा विभाग की तरफ से छठी कक्षा में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति के उन विद्यार्थियों को साइकिल मुहैया करवाई जाती है, जो स्कूल में दो किलोमीटर या इससे अधिक दूरी से आते हैं। शिक्षा विभाग ने ऐसे विद्यार्थियों को योजना का लाभ देने के लिए पात्रों की सूची भेजने के निर्देश दिए थे। जिले के करीब 29 विद्यार्थी ही योजना के पात्र मिले हैं। इनमें 16 छात्राएं व 13 छात्र शामिल हैं। मेले के संयोजक सुरेश कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग ने 20 इंच की साइकिल का मूल्य 2800 रुपये व 22 इंच का मूल्य तीन हजार रुपये निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित राशि से अधिक महंगी साइकिल खरीदने पर शेष राशि विद्यार्थियों के अभिभावकों को वहन करनी होगी। साथ ही अभिभावकों की तरफ से साइकिल खरीदने की रसीद देनी होगी। रसीद प्राप्त होने के बाद ही निर्धारित राशि उनके खाते में डाली जाएगी।
साइकिल खरीदने के लिए 35 विद्यार्थियों ने किया आवेदन
साइकिल मेले में साइकिल खरीदने के लिए अभिभावकों संग पहुंचे 29 विद्यार्थियों सोनीपत से एक, राई से 23, गन्नौर से तीन व मुंडलाना से दो विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। जबकि खरखौदा, कथूरा व गोहाना खंड से एक भी आवेदन नहीं मिला।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय, आठ मरला में साइकिल मेला लगाया गया। इसमें 29 विद्यार्थियों ने साइकिल खरीदने के लिए आवेदन किया है। विभाग की तरफ से साइकिल की निर्धारित राशि रसीद मिलने के बाद उनके बैंक खाते में डाल दी जाएगी। साइकिल का मूल्य निर्धारित राशि से अधिक है तो अभिभावकों को अतिरिक्त राशि का भुगतान करना होगा।
-मंजू गर्ग, खंड शिक्षा अधिकारी, सोनीपत बीईओ, सोनीपत