रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ व ट्रेन में चढ़ते यात्री। संवाद
- फोटो : Sonipat
कुंडली के पास दो दिन पहले रोडवेज चालक की हत्या के मामले में थार जीप सवारों की गिरफ्तारी की मांग लेकर रोडवेज कर्मियों ने बस अड्डे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे वीरवार को रोडवेज बसों का परिचालन न होने से यात्रियों को रेलवे स्टेशन रुख करना पड़ा। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों को ट्रेनों का सहारा लेना पड़ा। ज्यादा भीड़ के चलते यात्रियों को ट्रेनों में जगह नहीं मिली। वहीं कुछ यात्री रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दिए।
मंगलवार सुबह कुंडली के पास रोडवेज चालक की हत्या कर दी गई थी। रोडवेज कर्मचारियों ने काम बंद करके चक्का जाम कर दिया था। हालांकि तीसरे पहर चक्का जाम समाप्त कर दिया था। अब वीरवार तड़के चार बजे से ही रोडवेज का चक्का जाम रहने से यात्री गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशान दिखाई दिए। रोडवेज बसें नहीं चलने से यात्रियों ने रेलवे स्टेशन की ओर रुख किया। ट्रेनों का सहारा लेकर यात्री गंतव्य तक पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। यात्री रेलवे स्टेशन पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दिए। ट्रेनों में यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। जिसके कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
ट्रेनों की संख्या कम होने से आई दिक्कत
यात्री जब रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो वहां काफी भीड़ थी। ट्रेनों के फेरे कम होने से यात्री परेशान रहे। भीड़ के कारण यात्री खिड़कियों के पास खड़े होकर सफर करने को मजबूर हुए। जिससे यात्रियों में परेशानी का सामना करना पड़ा।