सोनीपत। पटवारी और कानूनगो हड़ताल खत्म होने के बाद सोमवार को अपनी ड्यूटी पर लौटे। पटवारखानों में सुबह से लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। शाम तक फाइलें निकलवानेे का सिलसिला चला। वहीं तहसील कार्यालय में हुई रजिस्ट्री में इजाफा हुआ। हड़ताल के दौरान रजिस्ट्री 50 से 70 होती थी, हड़ताल खत्म होने के बाद सोमवार को 133 रजिस्ट्री हो सकी। पटवारियों ने 2500 से ज्यादा फाइलों को निपटाया। सोमवार को जिले में करीब दो करोड़ का राजस्व मिला।
दि रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर जिले में 3 जनवरी से 79 पटवारी व 20 कानूनगो हड़ताल पर थे। संगठन के जिला प्रधान सन्नी दहिया ने कहा कि जल्द ही अटके हुए कामों को पूरा कर दिया जाएगा, लोगों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। विभिन्न गांवों के अधिकतर किसान पटवारखोनों अपनी जमीन की फर्द पर हस्ताक्षर व इंतकाल को लेकर पहुंचे थे। पटवारियों की ओर से जमाबंदी, तक्सीम, नक्शा, परिवार पहचान पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, रिहायशी प्रमाणपत्र सहित अन्य कार्य की फाइलें निपटाई गईं। 2500 से ज्यादा फाइलों पर हस्ताक्षर होने के बाद लोगों को काफी राहत मिल सकी, लेकिन इंतकाल का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। पटवारी दोपहर तक जरूरी फाइलाें को निकालने के लगे रहे, इसके बाद उन्होंने खेतों में जाकर फसलों की गिरदावरी भी शुरू की। उनका कहना था कि जनसमस्याओं का समाधान जल्द कर दिया जाएगा।
कहां-कितनी रजिस्ट्री हुईं
तहसील संख्या
सोनीपत 78
राई 36
गोहाना 17
खरखौदा 2