सोनीपत के गांव खेवड़ा के युवक को जातिसूचक शब्द कहने के साथ ही उससे लूटपाट करने व उसकी बाइक में आग लगाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि पहले बहालगढ़ में उसके साथ झगड़ा किया गया। वहां से भागा तो पीछा कर सीआरपीएफ कैंप खेवड़ा के पास रोककर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने लूटपाट, मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और एससीएसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहालगढ़ थाना पुलिस कर रही मामले की जांच
गांव खेवड़ा स्थित आंबेडकर कॉलोनी निवासी अजय ने पुलिस को बताया कि वह रात को काम से बहालगढ गए थे। वहां पर उनका गांव के ही रोहित, मोहित और देव के साथ झगड़ा हो गया। वह बिना किसी कारण उसे जातिसूचक गालियां देने लगे। बाद में तीनों ने उससे हाथापाई कर दी। वह उनसे बचकर वहां से भाग निकला। वह अपनी बाइक को लेकर भागा तो उन्होंने भी बाइक से उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
पुलिस अजय के बयान पर मुकदमा दर्ज कर किया
जब वह सीआरपीएफ कैंप के पास पहुंचा तो युवकों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। उसकी बाइक की चाबी निकाल ली और गोली मारने की धमकी दी। अजय ने बताया कि वह अपनी जान बचाने को वहां से भागने लगा तो हमलावरों ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में दो हजार रुपये थे। वह जान बचाकर भाग निकला तो उन्होंने उसकी बाइक को आग लगा दी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद वह भाग गए। पुलिस अजय के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी के अनुसार
युवक के बयान पर लूट, मारपीट, आग लगाने और एससीएसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में गहनता से जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
-इंस्पेक्टर ऋषिकांत, थाना प्रभारी, बहालगढ़