पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी की किशोरी से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने के बाद युवक उसे हरियाणा के सोनीपत लाया और यहां पर छोड़कर भाग गया। पीड़िता ने मामले की सूचना अपनी मां को दी। जिसके बाद उसके परिजनों ने वहां की पुलिस को अवगत कराया। जहां से सोनीपत पुलिस को बताया गया। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर कागजी कार्रवाई के बाद उसके परिजनों व संबंधित पुलिस को सौंप दिया है।
पश्चिम बंगाल की 17 वर्षीय किशोरी फेसबुक पर एक युवक के संपर्क में आई थी। इसके बाद युवक उसको लेकर वहां से दो माह पहले सोनीपत आ गया। उसने किशोरी को एक फैक्टरी में रखा। उधर किशोरी के परिजनों ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी थाना में उसके अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया।
इसी बीच आरोपी किशोरी को छोड़कर भाग गया। किशोरी ने इस बारे में अपने परिजनों को बताया। बंगाल एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने यहां की यूनिट को किशोरी के बारे में सूचना दी। जिस पर राज्य अपराध शाखा के पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर सोनीपत यूनिट ने किशोरी को गांव रतनगढ़ की फैक्टरी से बरामद कर लिया। लड़की की सीडब्ल्यूसी से काउंसलिंग करवाई गई। किशोरी को परिजनों व बंगाल पुलिस को सौंप दिया गया है।