शहर के व्यापारी सनथ जैन और उसके साथियों से मुंबई के कारोबारी द्वारा करोड़ों की ठगी करने के बाद बदमाश कुल्लू द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला उजागर हुआ है। मंगलवार को पुलिस ने पीड़ित व्यापारी के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक व्यापारी सनथ जैन ने शिकायत दी है कि 2014 में उसकी मुंबई के आभूषण व्यापारी विजय कुमार जैन से जान-पहचान हुई। मुंबई में उसका ज्वैलर्स और बिल्डिंग मैटीरियल का बिजनेस है। आरोप है कि उसने कारोबार में हिस्सेदारी और मेलजोल बढ़ाकर उससे और उसके साथियों से करोड़ों रुपये ठग लिए। पैसे मांगने पर आरोपी ने चेक दे दिए, जो बाउंस हो गए।
आरोप है कि बार-बार पैसे मांगने पर विजय कुमार ने मुंबई के बदमाश कुल्लू भाई नाम के व्यक्ति से धमकी भरे फोन करवाए। बदमाश कल्लू भाई ने फोन पर धमकी देते हुए मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की बात कही। पीड़ित सनथ जैन ने बताया कि विजय कुमार जैन व प्रकाश राजन ने लगभग 2 करोड़ 11 लाख 83 हजार रुपये धोखाधड़ी करके ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर मुंबई निवासी विजय कुमार जैन व प्रकाश राजन के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।