हरियाणा के सोनीपत में गांव मोहाना स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में दीवार में सेंध लगाकर चोरी की वारदात हुई। चोरों ने गैस कटर से स्ट्रांग रूम के सेफ को काटने का प्रयास किया, लेकिन उसे काट नहीं सके। जिसके बाद चोर बैंक से सीपीयू और सीसीटीवी कैमरा चोरी कर ले गए।चोरों ने कैमरों के तार भी काट दिए। सेफ नहीं खुलने से 16 लाख रुपये चोरी होने से बच गए। पुलिस ने बैंक मैनेजर के बयान पर केस दर्ज कर लिया है।
गांव मोहाना स्थित पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक पानीपत के गांव कुराना निवासी मनीष कुमार ने मोहाना थाना पुलिस को बताया कि बैंक में दो दिन से छुट्टी थी। सोमवार सुबह कैशियर सूरज ने सूचना दी कि बैंक में दीवार तोड़कर चोरी की गई है। वह तुरंत बैंक में पहुंचे तो देखा कि चोरों ने दीवार उनके केबिन की ओर से तोड़ रखी थी।
इसके साथ ही सभी सीसीटीवी कैमरों की तार काट रखी थी। एक कैमरा चोरी मिला। चोरों ने गैस कटर से स्ट्रांग रूम को काटने की भी कोशिश की है। हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो सके। चोर बैक से सीपीयू भी ले गए। पुलिस ने बैंक मैनेजर मनीष के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्ट्रांग रूम के सेफ में 16 लाख रुपये
बैंक के अंदर स्ट्रांग रूम में बने सेफ में करीब 16 लाख रुपये की नकदी थी। सेफ को दीवार के अंदर सीमेंट में बनाया गया है। जिससे चोर उसे खोल नहीं सके। बैंक अधिकारी का कहना है कि सेफ उच्च अधिकारियों को बुलाकर खोला जाएगा। अगर चोर सेफ को खोल लेते तो लाखों रुपये चोरी हो जाते।
दीवार की ईंट निकालकर बनाया रास्ता
चोरों ने बैंक में घुसने के लिए पिछली साइड की दीवार तोड़कर उसकी ईंट निकाल ली। दीवार में सेंध लगाने के बाद वह अंदर घुसे और गैस कटर से स्ट्रांग रूम को खोलने की भी कोशिश की।
एफएसएल ने भी जुटाए सुबूत
पुलिस टीम ने मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर सुबूत जुटाए हैं। बैंक में रात को कोई सुरक्षाकर्मी नहीं रहता। ऐसे में पुलिस ने बैंक में रात को सुरक्षा का प्रबंध करने को कहा है। साथ ही गांव के चौकीदार को बुलाकर रात को क्षेत्र में विशेष निगरानी करने को कहा गया है।
बैंक में पहले भी हो चुकी चोरी
गांव मोहाना स्थित पीएनबी शाखा में पहले भी टॉयलेट में लगे रोशनदान को तोड़कर चोरों ने स्ट्रांग रूम की छत तक गैस कटर से काट दी थी। 5 जनवरी, 2020 को चोरी के समय भी वह सेफ नहीं खोल पाए थे। उस समय इससे पहले ही सायरन बज गया था। जिस पर चोर पकड़े जाने के भय से भाग निकले थे। तब सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध दिखाई दिए थे।
गांव मोहाना स्थित पीएनबी शाखा में सीपीयू व सीसीटीवी चोरी की शिकायत मिली है। चोर स्ट्रांग रूम को काटकर सेफ नहीं खोल सके। जिससे नकदी चोरी होने से बच गई। चोरों का पता लगाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध दिखाई दे रहा है। जिसके बारे में पता लगाया जा रहा है। जल्द चोरों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
-सतीश गौतम, एसीपी सोनीपत।