कस्बे के लल्हेड़ी रोड स्थित मदरसा में खेलते समय राइस सेलर टैंक के नीचे दबने से सातवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर सेलर टैंक मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार, बड़ी रोड गन्नौर निवासी खुशीराम का बेटा उज्ज्वल (13) शनिवार देर शाम लल्हेड़ी रोड स्थित मदरसा में खेलने गया था। खेलते समय अचानक वहां रखा राइस सेलर टैंक गिर गया और उज्ज्वल उसके नीचे दब गया।
उसके साथियों ने शोर मचाया तो उज्ज्वल का मामा मौके पर पहुंचा और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था को देखते हुए बच्चे को खानपुर पीजीआई रेफर कर दिया। खानपुर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सेलर टैंक मालिक महीनूद्दीन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।