शनिवार को खरखौदा-थाना खुर्द मार्ग पर बाइक सवार दो युवक हथियार के बल पर एक युवक से 30 हजार रुपए छीनकर ले गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। जिस पर पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक खेवड़ा निवासी अनुज ने बताया कि वह हेरिटेज फूड्स लिमिटेड के नाम से दूध का काम करता है। शनिवार को वह खरखौदा आया था ओर दोपहर के समय थाना खुर्द गांव की ओर अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। जब वह गांव के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार दो युवक आए ओर उसे पिस्तौल दिखाकर रोक लिया। वह कुछ कर पाता इससे पहले ही उन्होंने उसकी 30 हजार रुपये की राशि छीन ली ओर फरार हो गए। उसके द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी करवाने के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।