मन में टीस थी कि पेड़ से अनार नहीं तोड़ने दिए और बेइज्जती कर दी अलग से। इस टीस को वो अपने भीतर इस तरह से पाल रहा था कि दो माह में ही टीस प्रतिशोध की वो ज्वाला बन गई। जिसकी वजह से वो हिमाचल से बस में बैठकर आया और रात को 2 बजे फैक्टरी में घुसकर उसी सिक्योरिटी गार्ड की ईंट मार-मारकर हत्या कर दी, जिसने उसे अनार तोड़ने से रोका था। यह खुलासा राई औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को हुए सिक्योरिटी गार्ड के मर्डर का है। आरोपी पंकज निवासी अधसर जिला चंदौली उत्तरप्रदेश का रहने वाला है। ब्लाइंड मर्डर को सॉल्व करते हुए थाना राई पुलिस ने आरोपी पंकज को रविवार को अदालत में पेश किया। यहां से उसे 1 दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में डीआईजी एचएस दून ने भी थाना राई में पहुंचकर पत्रकारवार्ता की। खास बात यह है कि हत्यारोपी खुद की होशियारी के चलते ही पकड़ में आया था। शनिवार देर शाम तक ही आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया था।
ये है मामला
पुलिस के अनुसार गांव खादरा, जिला फतेहपुर, उत्तरप्रदेश का मूल निवासी जयप्रकाश काफी समय से राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी संख्या 582 में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर नौकरी कर रहा था। छह साल से बंद पड़ी फैक्टरी में वह रात को भी सोता था। शुक्रवार रात को जयप्रकाश सोया जरूर था, लेकिन शनिवार सुबह बेटे संग्राम को उसका शव ही मिला। जयप्रकाश की ईंट मारकर हत्या की गई थी। संग्राम की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
प्लॉन बनाकर छोड़ी नौकरी, 2 माह किया इंतजार
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में पंकज ने कबूल किया है कि उसने ईंट मार-मारकर हत्या की थी। पंकज दो माह पहले तक पड़ोस में ही एग्रोप्योर नाम की कंपनी में कार्यरत था। उसी दौरान फैक्टरी में लगे पेड़ से अनार तोड़ने को लेकर जयप्रकाश के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद पंकज ने प्लान बनाया और नौकरी छोड़ दी। इसके बाद हिमाचल जाकर नौकरी करने लगा था। उसने 2 माह तक इंतजार किया, ताकि उसके साथ हुए जयप्रकाश के विवाद के चलते हत्या का शक उस पर न चला जाए।
होशियारी के चक्कर में आ गया पकड़ में
हुआ यूं कि पुलिस टीम जांच कर रही थी। इसी दौरान आसपास एक युवक मंडरा रहा था। 27-28 वर्षीय इस युवक को एक पुलिसकर्मी ने पूछ लिया कि यहां क्या कर रहा है। पुलिसकर्मी के टोकते ही इस युवक का रंग उड़ गया और वह घबरा गया। कुछ ही देर में संभलकर जब तक यह युवक जाने वाला था तब तक पुलिसकर्मियों की नजर उसकी शर्ट पर खून के धब्बे पर पड़ गई। इतना देखते ही पुलिस ने उसे काबू कर लिया। इसी युवक ने अपनी शिनाख्त पंकज के तौर पर दी। पूछने पर पता चला कि पंकज पुलिसकर्मियों के आसपास रहकर यह जानना चाह रहा था कि पुलिस मर्डर के बारे में क्या सोच रही है।
आरोपी पंकज को वारदात स्थल के पास से ही काबू किया गया था। उसे अदालत में पेश कर 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली है।
-वजीर सिंह, प्रभारी, थाना राई।