जीटी रोड पर गांव कुराड़ के पास एक अनियंत्रित कार ने दिल्ली-पानीपत लेन से डिवाइडर क्रास कर पानीपत-दिल्ली लेन पर आ रहे बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। युवक अपनी बहन के घर जागरण का कार्ड देकर लौट रहा था। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिल्ली स्थित मंडावली एक्सटेंशन की गली नंबर 14 का रहने वाला गौरव त्यागी (23) शुक्रवार को अपनी चचेरी बहन के घर आया था। वह शाम को वापस जाने के लिए बहन के घर से निकला था। जब वह गांव कुराड़ के पास पहुंचा तो इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आ रही एक इनोवा कार का टायर फट गया।
कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर को क्रास कर पानीपत-दिल्ली लेन पर चली गई। कार ने सामने से आ रहे गौरव को कुचल दिया। हादसे में गौरव बुरी तरह से घायल हो गया और उसने कुछ देर में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इनोवा चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने मामले की सूचना मुरथल थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची मुरथल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने गौरव के भाई विनित के बयान पर इनोवा चालक जेजे कॉलोनी, दिल्ली निवासी आनंद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौैत हो गई। हादसा कार के डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में आ रहे बाइक सवार को कुचलने से हुआ। कार को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
-युद्धवीर सिंह, जांच अधिकारी, मुरथल थाना।