हरियाणा के सोनीपत के राई क्षेत्र में मुरथल टोल प्लाजा के पास से गोरक्षा दल के सदस्यों ने जिस टाटा-एस को पकड़ा था उसमें गोवंश का अंश था। गाड़ी में मिले खुर व हड्डी गोवंश के बताए जा रहे हैं। मांस को शिमला मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाया गया था। पुलिस अब आरोपियों के सरगना तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
हालांकि आरोपी उसके बारे में जानकारी नहीं दे रही हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। सोमवार को पुलिस बरामद मांस के सैंपल जांच के लिए भेजेगी। जिससे सटीक पुष्टि हो सके।
गोरक्षा दल के जिला प्रशासनिक प्रमुख गांव राई निवासी मनीष ने शनिवार को मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह संगठन के सदस्य आनंद व योगेश के साथ नेशनल हाईवे पर थे। उन्हें एक टाटा एस गाड़ी से खून निकलता दिखाई दिया था। पुलिस की डायल-112 टीम को सूचना देने के साथ उन्होंने पीछा कर गाड़ी को रुकवा लिया था।
तिरपाल हटाने पर शिमला मिर्च के बोरे मिले थे। उनके नीचे काली पॉलिथीन में मांस भरा था। उसमें से तीन युवकों को पकड़ लिया था। उन्होंने बताया कि वह मांस को पंजाब से लाए थे और दिल्ली पहुंचाना था। उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ निवासी फरियाद, रिमाजूदीन और रेंचू के रूप दी थी।
बाद में कार सवार उनके साथी अजीज अहमद को पकड़ा था। पुलिस की अब तक जांच में सामने आया कि गाड़ी में भरा मांस गाय का था। उसमें गाय के खुर व हड्डी मिली है। जिससे मांस को गाय का होने का शक है। साथ ही पुलिस का कहना है कि सोमवार को सैंपल भेजकर इसकी सटीक पुष्टि कराई जाएगी। गाड़ी से 15 क्विंटल गोमांस और गायों के पैरों के टुकड़े मिले थे। मनीष राई ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सख्ती के बाद पंजाब से गोमांस की तस्करी हो रही है। इसे दिल्ली में सप्लाई किया जाता है। उन्होंने मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की है।
गाड़ी और कार के नंबर से अन्य तक पहुंचने का प्रयास
पुलिस ने कथित गोमांस तस्करों के दो वाहन पकड़े हैं। उनके नंबरों के आधार पर पुलिस अन्य साथियों के बारे में पता लगाएगी। बताया गया है कि कार से तीन अन्य युवक उतरकर भाग गए थे। उनका पता लगाया जाएगा। जांच अधिकारी एसआई सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है। आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। उनसे रिमांड के दौरान अब पूछताछ की जाएगी।