सोनीपत के गन्नौर स्थित नीलकंठ ढाबे पर जुआ खेलने आए युवक पर हमला कर दो लाख रुपये लूट लिए गए। युवक ने लूट का आरोप अपने दोस्त व उसके तीन-चार साथियों पर लगाया है। गन्नौर थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
गांव जुआं निवासी रमेश ने गन्नौर थाना पुलिस को बताया कि वह शनिवार रात को अपने दोस्त गांव बोहला निवासी बिल्लू के साथ जुआ खेलने के लिए गन्नौर के नीलकंठ ढाबे पर आया था। वह अपने साथ दो लाख रुपये लेकर आया था। रमेश का आरोप है कि रात को ढाबे पर आने के बाद उन्होंने अपने दोस्त बिल्लू संग मिलकर शराब पी थी।
शराब पीने के बाद उसके दोस्त ने अपने तीन-चार साथियों को मौके पर बुला लिया। उनके आते ही उन्होंने हमला कर दिया। उसे बुरी तरह पीटने के बाद हमलावर दो लाख रुपये लूटकर भाग गए। उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया।
पुलिस ने देर रात जांच के बाद अब लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रवि कुमार का कहना है कि लूट के आरोपियों की तलाश की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह जुआ खेलने आया था।