घटनास्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस व एफएसएल की टीम।
- फोटो : bureau
गढ़ी केसरी क्षेत्र में एक शिक्षिका ने शादी से इंकार किया तो युवक ने उसे चाकू से गोदकर घायल कर दिया। युवक ने शिक्षिका के घर की छत पर इस घटना को अंजाम दिया, जहां वह पहले से ही छुपकर बैठा था। घटना के बाद युवक ने पास के मकान में कूदकर खुद को भी तेजधार हथियार से घायल कर लिया। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और घायल शिक्षिका को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल युवक को अपने कब्जे में लिया और इलाज के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवा दिया, जहां से डॉक्टरों ने उसे खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
स्कूल बस चालक था आरोपी
सैंय्या खेड़ा गांव निवासी जितेंद्र एक स्कूल की बस पर ड्राइवर था। उस स्कूल में गढ़ी केसरी की युवती भी शिक्षिका थी और वह बस में स्कूल जाती थी। इस दौरान ही जितेंद्र व युवती के बीच बातचीत होने लगी। जितेंद्र ने शिक्षिका के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो उसने मना कर दिया। उसके बाद युवती ने स्कूल भी छोड़ दिया, लेकिन उसके बावजूद जितेंद्र उस पर शादी करने का दबाव बनाता रहा। शिक्षिका ने उससे शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इस कारण ही वह बुधवार सुबह किसी तरह युवती के घर की छत पर पहुंच गया और वहां छुपकर बैठ गया। शिक्षिका जैसे ही कपड़े सुखाने पहुंची तो उसने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। युवती के चिल्लाने के बाद उसके घर के अन्य सदस्य छत पर पहुंचे तो जितेंद्र ने पास के मकान में छलांग लगा दी और वहां खुद पर भी तेजधार हथियार से हमला करके अपने आप को गंभीर रूप से घायल कर लिया। परिजनों ने युवती को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल जितेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद जितेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
युवती पर हुए आठ से 10 वार
एक निजी हॉस्पिटल के डॉ. जेपी अग्रवाल ने बताया कि उनके पास युवती को घायल अवस्था में लाया गया था। जिसके शरीर पर आठ से 10 जगह तेजधार हथियार से बार किया गया था। उस समय लड़की काफी गंभीर हालत में थी, जो फिलहाल खतरे से बाहर है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि गढ़ी केसरी में एक युवक ने एक युवती व खुद को तेजधार हथियार से हमला कर घायल किया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल युवक को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। पुलिस ने जितेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-मुकेश कुमार, जांच अधिकारी।