सोनीपत में गैंगस्टर राजू बसौदी व उसके साथी अक्षय पलड़ा के घर पर मंगलवार सुबह करीब छह बजे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की दो टीमों ने छापा मारा। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य और काला जठेड़ी के साथी कुख्यात राजू बसौदी और उसके साथी अक्षय पलड़ा गैंग के सदस्य विदेशी हथियारों का प्रयोग करते रहे हैं। ऐसे में इनके संबंध आतंकवादियों और खालिस्तान समर्थकों से होने की आशंका को लेकर एनआईए ने जांच की है। टीम गांव बसौदी से राजेश उर्फ राजू बसौदी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मंगलवार तड़के एनआईए की टीम सोनीपत पहुंच गई थी। पुलिस लाइन से स्थानीय पुलिस टीम के साथ करीब छह बजे दो टीमों ने राजकुमार उर्फ राजू बसौदी और अक्षय पलड़ा के घरों पर छापा मारा। दोनों स्थानों पर पुलिस की दो-दो टीम मौजूद रही। स्थानीय पुलिस टीमों ने दोनों गैंगस्टर के घरों के आसपास तक लोगों को नहीं जाने दिया।
राजू बसौदी और अक्षय पलड़ा गैंग के सदस्य विदेशी हथियारों का प्रयोग करते रहे हैं। बताया जा रहा है कि एनआईए ने इनके संबंध आतंकवादियों और खालिस्तान समर्थकों से होने की आशंका के चलते जांच की है। आशंका है कि उन्हें विदेशों से हथियार और अन्य मदद मिलती है। ऐसे में राजस्थान के आनंद पाल गैंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग, काला जठेड़ी, छिप्पी गैंग, नरेश सेठी गैंग और राजू बसौदी गैंग पर विशेष निगाह रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें : Sonipat Court News: किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की कैद, 60 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया
राजू बसौदी की गिरफ्तारी के समय उस पर करीब पौने पांच लाख रुपये का इनाम था। इनके गैंग ने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है। राजू बसौदी को थाईलैंड से गिरफ्तार किया गया था, जबकि अक्षय पलड़ा को पंजाब के बठिंडा में गिरफ्तार किया गया था। राजू बसौदी दिल्ली की तिहाड़ जेल में है, जबकि अक्षय पंजाब की जेल में बंद है।
राजू बसौदी पर 29 और अक्षय पलड़ा पर 23 मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें हत्या, रंगदारी व हत्या प्रयास के मुकदमे शामिल हैं। एनआईए की टीम सुबह छह बजे से शाम साढ़े चार बजे तक रही। एसटीएफ ने जानकारी दी है कि बसौदी में गैंगस्टर राजकुमार उर्फ राजू बसौदी के साथ ही उसके परिवार के राजेश उर्फ राजू बसौदी के यहां पर भी एनआईए ने छापा मारा है।
राजेश उर्फ राजू बसौदी रोहतक के कुख्यात अनिल छिप्पी का रिश्तेदार है। वह शराब कारोबारी है। एनआईए की टीम ने उसके घर पर छापा मारा और काफी देर तक उनके घर पर रही। टीम उसे साथ लेकर गई है। इससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि एनआईए की टीम ने किसी से इस बारे में कोई बातचीत नहीं है।