गैंगस्टर्स के आतंकी कनेक्शन तलाशने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने सोमवार को दिनभर छापा मारा। टीम सोनीपत के गांव जठेड़ी में कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी के घर पर पहुंची और वहां पर छानबीन की। टीम वहां से काला जठेड़ी की प्रेमिका लेडी डॉन अनुराधा को अपने साथ ले गई।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में नामजद लॉरेंस बिश्नोई समेत अन्य गैंगस्टर का आतंकी कनेक्शन सामने आया है। यह भी पता चला है कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए काम में लिए हथियार पाकिस्तान से आए थे। इसके बाद टीम ताबड़तोड़ छापे मार रही है।
एनआईए की टीम सोमवार तड़के ही सोनीपत पहुंच गई थी। टीम तीन गाड़ियों में डीएसपी बीडी पांडेय के नेतृत्व में आई थी। सुबह ही एसपी कार्यालय से सोनीपत पुलिस का सहयोग लिया था। उसके बाद टीम सीआईए खरखौदा योगेंद्र व एसआईटी सोनीपत प्रभारी सुखविंदर की टीम को लेकर गांव जठेड़ी में कुख्यात संदीप उर्फ काला के घर पहुंची।
वहां पर टीम को उसकी प्रेमिका एवं लेडी डॉन अनुराधा मिली। टीम ने उनके घर को काफी देर तक खंगाला। उसके बाद अनुराधा को लेकर राई थाना पहुंची। टीम ने वहां भी कई घंटे तक अनुराधा से पूछताछ की और उसके बाद उसे साथ लेकर चली गई। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई का नाम आया था।
उसके बाद गैंग के कई सदस्य काबू किए गए। टीम को उनसे विदेशी हथियार मिले थे। जिसके बाद जांच में सामने आया था कि हथियार पाकिस्तान से सप्लाई किए गए हैं। इसके बाद से एनआईए को पाकिस्तान कनेक्शन तलाशने व अन्य गैंगस्टर का पता लगाने के लिए एक साथ देशभर में कई स्थानों पर छापा मारा।
जुर्म की दुनिया में बड़ा है संदीप उर्फ काला जठेड़ी का नाम
जुर्म की दुनिया में कदम रखने के बाद जठेड़ी का सीधा-सादा संदीप 18 साल में कुख्यात काला जठेड़ी बन गया। वह अलग-अलग गैंग से हाथ मिलाकर अपनी ताकत बढ़ाता रहा। 200 से ज्यादा शूटर वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ने के बाद वह अपराध जगत में आगे बढ़ता गया। पुलिस को हत्या, लूट, रंगदारी और पुलिस मुठभेड़ जैसे मामलों में उसकी तलाश थी। जठेड़ी गैंग के गुर्गों ने फरवरी, 2021 में उसे पुलिस कस्टडी से छुड़वाने के बाद उसके विदेश भाग जाने की अफवाह भी फैला दी थी। पुलिस को आशंका थी कि वह दुबई, मलेशिया या थाईलैंड में रहकर गैंग को चला रहा है। बाद में उसे जुलाई, 2021 में सहारनपुर के सरसावा के पास से दिल्ली पुलिस ने दबोचा था। वह फिलहाल जेल में बंद है। दिल्ली में चोरी के मामले में नाम आने के बाद वह बड़ी वारदात करता चला गया। लॉरेंस बिश्नोई के जेल जाने के बाद उसके गैंग की कमान राजू बसौदी ने संभाली थी। एसटीएफ द्वारा राजू बसौदी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस कस्टडी से भागे काला जठेड़ी ने गैंग की कमान संभाल ली थी। बाद में उसे गिरफ्तार किया गया था। सोनीपत सहित हरियाणा के कारोबारियों और ठेकेदारों से वसूली का धंधा संदीप जठेड़ी के गुर्गे चला रहे थे।
सोनीपत के गैंगस्टर रंगदारी, हत्या, लूट और फिरौती के मामलों के साथ ही विदेशी आतंकियों से मिलकर वारदात करने लगे हैं। वर्ष 2021 में रेलवे कॉलोनी में अत्याधुनिक इंटरनेट सिस्टम लगाकर पाकिस्तानी-खालिस्तानी आतंकियों की बातचीत का पता लगा था। इतना ही नहीं जुआं के युवकों के संबंध खालिस्तान समर्थकों के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकियों तक निकले।