हरियाणा के सोनीपत के गांव मेहंदीपुर के पास मुरथल अनाज मंडी के सामने हुई हिस्ट्रीशीटर निखिल की हत्या बेशक फिलहाल पुलिस के लिए पहेली बनी है, लेकिन पुलिस मामले में कई पहलुओं से जांच में जुट गई है। मामले में रेत खनन की रंगदारी को लेकर होने वाले विवाद से लेकर चुनावी रंजिश तक पुलिस हर दिशा में जांच को आगे बढ़ा रही है। इसके साथ ही निखिल की अन्य लोगों के साथ चल रही रंजिश के एंगल को भी पुलिस नजरअंदाज नहीं कर रही है। हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले से पर्दा उठा दिया जाएगा।
गांव मेहंदीपुर निवासी निखिल (26) की सोमवार को गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के चाचा का कहना है कि उनके भतीजे ने एक सप्ताह पहले ही चाय की दुकान खोली थी। वह अब बुराई का मेहनत से जीवन बसर करना चाहता था। उसके बावजूद हमलावरों को यह नागवार गुजरा और ताबड़तोड़ गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने चार अज्ञात हमलावरों पर मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही कहा है कि वह सामने आने पर हमलावरों को पहचान भी सकते हैं। ऐसे अब पुलिस निखिल के हत्यारों तक पहुंचने के लिए कई पहलुओं पर जांच में जुट गई है। इसमें निखिल के चाचा ने गांव बख्तावरपुर के विपिन पर शक जताया है।
विपिन का नाम सामने आने के बाद मामले को लेकर रेत खनन की रंगदारी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। विपिन पहले भी स्टाक इंचार्ज गांव बसौदी के जयदीप की हत्या के मामले में नामजद रहा है। अब निखिल हत्याकांड में उस पर शक जताने के बाद पुलिस उसे लेकर बारीकी से जांच कर सकती है।
जिससे मामले का खुलासा करने में मदद मिल सके। इसके साथ ही हिस्ट्रीशीटर का चाय की दुकान खोलना भी पुलिस के लिए संदेह बढ़ा रहा है। आशंका है कि रेत खनन कंपनियों की इन मार्गों से आवाजाही पर इस पर नजर रखी जा सके।
सरपंच चुनाव को लेकर रंजिश को भी पुलिस की नजर
पुलिस मामले में चुनावी रंजिश के पहलू पर भी जांच करेगी। निखिल पर चुनावी रंजिश के चलते सरपंच के घर के बाहर फायरिंग करने व जान से मारने की धमकी देने के दो मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ गांव मेहंदीपुर निवासी रमेश आंतिल ने 20 फरवरी को मुरथल थाना पुलिस को बताया था कि उनके गांव में हुए सरपंच के चुनाव में उनकी भाभी सरिता ने जीत दर्ज की थी।
उनकी भाभी के खिलाफ गांव के निखिल की मां कुसुम देवी ने चुनाव लड़ा था। वह चुनाव में हार गई थी। इसे लेकर निखिल पर 17 दिसंबर, 2022 को धमकी देने व 19 फरवरी की रात को साथियों संग आकर उनके घर के बाहर फायरिंग करने के मुकदमे दर्ज है। अब मृतक के चाचा ने रमेश पर साजिश का शक जताया है, जिसमें पुलिस पूछताछ कर सकती है।
अन्य ग्रामीणों संग भी चल रही थी रंजिश
बताया गया है कि निखिल की अन्य ग्रामीणों संग भी रंजिश चली आ रही है। जिन्हें भी पुलिस जांच में शामिल करेगी। इसके अलावा उस पर दर्ज मुकदमों में पीड़ितों को लेकर भी जांच की जाएगी, जिससे किसी तरह मामले से जुड़ा सुबूत जुटाया जा सके।
इन मामलों में नामजद रहा निखिल
- 21 फरवरी को मुरथल में अवैध शस्त्र अधिनियम का मुकदमा
- 20 फरवरी को मुरथल थाना में हवाई फायरिंग व धमकी देने का मुकदमा।
- 17 दिसंबर, 2022 को मुरथल थाना में धमकी देने का मामला।
- 15 जनवरी, 2015 को मुरथल थाना में हुड़दंग करने का मुकदमा।
- 20 अगस्त, 2015 को मुरथल में रेत चोरी का मुकदमा।
- 8 अक्तूबर, 2019 को मुरथल थाना में हवाई फायरिंग का मुकदमा
- 10 मई, 2019 को मुरथल में लड़ाई झगड़े का मुकदमा
- 26 मई, 2019 को मुरथल में हत्या का मुकदमा
- 28 मई, 2022 को मुरथल में हत्या की कोशिश का मुकदमा
- 23 जून, 2021 को समालखा, पानीपत में लूट का मुकदमा