हरियाणा के सोनीपत में नेशनल हाईवे-334 बी पर राई गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने बिजली निगम के ठेकेदार की कार के शीशे पर ईंट मार दी। जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार के डिवाइडर से टकराकर रुकने के बाद बदमाश ठेकेदार को डराकर 5.80 लाख लूटकर भाग गए। बदमाश उनका मोबाइल फोन भी ले गए। पीड़ित ने अपने साथी को मामले से अवगत कराया और अस्पताल में उपचार के बाद पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बख्तावरपुर निवासी रवींद्र ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह बिजली निगम में ठेकेदार हैं। उन्हें रोहतक निवासी अपने परिचित को 5.80 लाख रुपये देने थे। इसके लिए वह 80 हजार रुपये अपने घर से लेकर मुरथल चौक पर पहुंचे। वहां से उन्होंने पांच लाख रुपये पीएनबी की शाखा से निकलवा लिए। वह नकदी लेकर रोहतक जाने लगे तो बीच में गाड़ी में सीएनजी भरवाने के लिए सेक्टर-7 में चले गए।
वह कुछ देर अपने साथी के पास सेक्टर-4 में जाकर बैठ गए। वहां पर उनके पास रोहतक से कॉल आ गई। जिसके चलते उनका रोहतक जाने का कार्यक्रम रद्द हो गया। ऐसे में एनएच-334 बी से वाया राठधना अपने घर की तरफ जाने लगे। जब वह शाम को राई थाना क्षेत्र में पहुंचे इसी दौरान एक पल्सर बाइक पर तीन युवक आए।
आगे बैठे युवक ने हेलमेट लगा रखा था। बीच में बैठा युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे था और पीछे बैठे युवक की बड़ी दाढ़ी थी। उन्होंने उसकी कार के आगे के शीशे में अचानक ईंट मार दी। जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार के टकराते ही उनके पेट में स्टेयरिंग लगने से वह चोटिल हो गए। कार के रुकते ही तीनों युवकों ने उन्हें जबरदस्ती बाहर निकालकर उसे सड़क पर गिरा दिया।
उसके बाद कार के अंदर से नकदी से भरा बैग व मोबाइल लूटकर भाग गए। उन्होंने एक राहगीर से मोबाइल लेकर अपने दोस्त प्रवेश को अवगत कराया। उसके दोस्त ने उसे अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर उपचार के बाद उन्होंने परिजनों को अवगत कराया। उसके बाद रात को मामले की शिकायत पुलिस दी। पुलिस ने रवींद्र सिंह के बयान पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले को लेकर राई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बदन सिंह ने बताया कि कार पर ईंट मारकर नकदी व मोबाइल लूट की शिकायत मिली थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
बाइक सवार बदमाश सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक से 18 हजार लूटकर भागे
दो बाइक सवार तीन बदमाशों ने सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक की बाइक को ओवरटेक करके रोक लिया। उनको मारने की धमकी देकर बदमाश नकदी और मोबाइल लूट लिए। शास्त्री कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक हैं। वह जरूरी काम से गोहाना गए थे। वहां से लौटते समय सोमवार देर शाम जब वह बड़वासनी के पास एक होटल के निकट पहुंचे तो दो बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। मारने की धमकी देकर वह उनसे 18 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल लूटकर भाग गए। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दो दिन में लूट की तीसरी घटना
बाइक सवार बदमाश लगातार लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे है। बदमाशों ने शनिवार को कुंडली में ठेकेदार से साढ़े 12 लाख रुपये व स्कूटी लूटी थी। वहीं सोमवार को बिजली निगम के ठेकेदार व सेवानिवृत्त चिकित्सक से लूटपाट की।