उपमंडल के गांव रूखी में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर गांव रूखी में एक महिला ने अपने घर में ही फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए शहर के सामान्य अस्पताल में लाया गया और मामले की जांच शुरू की। घटना की सूचना पाकर महिला के परिजन भी अस्पताल में पहुंचे।
गांव भठगांव निवासी सुरेश कुमार ने बेटी सोनिया की शादी लगभग साढ़े सात साल पहले गांव रूखी निवासी सोनू के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही सोनू ने पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि सोनू ने कार खरीदने के लिए पत्नी को मायके से पैसे लाने के लिए भी परेशान किया था। सोनिया के पिता सुरेश ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी बेटी कुछ माह पहले कार के लिए डेढ़ लाख रुपये लेकर भी गई थी।
दो दिन पहले सोनिया ने अपने पिता के पास फोन करके बताया कि उसे अब भी परेशान किया जा रहा है। सोनिया ने तंग आकर ससुराल में अपने घर पर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। सुरेश की शिकायत पर पुलिस ने सोनू के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।