गोहाना में ऑनर किलिंग: बेटी की हत्या
- फोटो : amar ujala
उपमंडल के गांव मातंड में 17 वर्षीय छात्रा स्वीटी की प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने लाठी व डंडे से पीट-पीट कर हत्या की थी। सोमवार को पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई छात्रा की हत्या आरोपी मां सरोज ने यह खुलासा किया। साथ ही बताया कि वारदात में उसने दो देवर राजू और सुरेश भी शामिल हैं। पुलिस ने उन्हें भी हत्या के आरोप में नामजद कर लिया, लेकिन स्वीटी के पिता बलराज सहित तीनों अभी फरार हैं। वहीं, बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी मां को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बुटाना पुलिस चौकी प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि सरोज ने पूछताछ ने खुलासा किया है कि 15 दिन पहले स्वीटी घर से चली गई। किसी तरह समझाबुझाकर ले आए। गांव में बदनामी हो रही थी, लेकिन बेटी को समझा दिया था। कालेज जाना भी बंद करवा दिया। इसके बावजूद वह एक जुलाई को घर से चली गई। गांव के दो युवकों ने उसे गांव की फिरनी पर रोक लिया और घर पर सूचना दी। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे घर ले आए। काफी देर समझाने के बाद भी अपनी बात पर अड़ी रही। गुस्साएं परिजनों ने लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच कनपटी पर लाठी लगने से वह अचेत हो गई। थोड़ी देर तड़पने के बाद उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद घर के पीछे बिटोड़े में डालकर आग लगा दी।
पिता के साथ देवर भी नामजद, जल्द होंगे गिरफ्तार
मामले की जांच कर रहे एएसआई सुभाषचंद ने बताया कि पूछताछ में बेटी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार मां सरोज ने खुलासा किया है कि वारदात में उसके देवर राजू व सुरेश भी शामिल हैं। लड़की के पिता बलराज के साथ-साथ उसके दोनों चाचा के खिलाफ भी हत्या का केस दर्ज कर लिया।
तीन बेटियों और बेटे का भविष्य अंधकार में
दंपति द्वारा बेटी की हत्या करने के बाद तीन अन्य बेटियों व बेटे का भविष्य अंधकार में आ गया है। दंपति के अलावा छात्रा के दो चाचा के खिलाफ भी केस दर्ज हो गया है। घर में अब केवल बुजुर्ग दादा बचा है।