खरखौदा के गांव गोरड़ में एक शादी के दौरान देर रात डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। इसमें पड़ोसी ने दूल्हे के चचेरे भाई पर गोली चला दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने पड़ोसी और उसके दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव गोरड़ निवासी मंजीत का कहना है कि उसके चचेरे भाई युद्धवीर की शनिवार को शादी थी। जिस पर परिवार के सदस्य रात को मिलकर घर के बाहर ही नाच-गाना कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े बारह-एक बजे उसका पड़ोसी राकेश अपने भाई राजेश व अजीत के साथ आया और कहने लगा कि डीजे बजाने वाले को यहां से भगाओ और अपने घरों में घुस जाओ। यह कहते ही आरोपियों ने उसे थप्पड़ व घूंसे मारने शुरू कर दिए।
इसी बीच राकेश ने उसे जान से मारने के लिए गोली चला दी, उसने अपने बचाव में उसके हाथ को झटका तो गोली उसके पास से होकर गुजर गई। शोर सुनकर अन्य लोग भी मौके पर आ गए, जिसके बाद तीनों आरोपी मंजीत को दोबारा मिलने पर जाने से मार देने की धमकी देकर भाग गए। मंजीत की शिकायत पर पुलिस ने तीनों भाईयों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।