पिता की हत्या और हमलावरों की गिरफ्तारी न होने से दुखी रोडवेज चालक के बेटे ने जहर निगला
नेशनल हाईवे-44 पर रोडरेज में थार से कुचलकर मौत के घाट उतार दिए गए रोडवेज बस चालक के बेटे ने बुधवार को जहर निगल लिया। भाई का आरोप है कि पिता की हत्या के सदमे और हमलावरों की गिरफ्तारी न होने से उसका भाई संदीप दुखी था। वह सुबह से ही घर से गायब था। बाद में जब वह उसे तलाश करते हुए श्मशान घाट पहुंचे तो वहां मिला। वह उसे घर ले गए तो हालत बिगड़ गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से गांव सलीमसर माजरा फिलहाल सरस्वती विहार निवासी हरियाणा रोडवेज बस चालक जगबीर सिंह दिल्ली स्थित हरियाणा डिपो में तैनात थे। वह मंगलवार तड़के चार बजे सोनीपत से रोडवेज बस में दिल्ली के लिए चले थे। रास्ते में साइड देने को लेकर हरियाणा रोडवेज के बस चालक प्रमोद कुमार और थार कार में सवार चार युवक-युवतियों में विवाद हो गया था।
इसके चलते थार सवार युवकों ने कुंडली के पास बस को रुकवा लिया था। वहां पर अन्य लोगों के साथ जगबीर सिंह भी युवकों को समझाने के लिए बस से नीचे उतरे थे। इसी दौरान युवकों ने थार से उन्हें कुचल दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। साथ ही चालक प्रमोद कुमार, परिचालक फतेह सिंह और बिजेंद्र सिंह घायल हुए थे।
मामले में रोडवेज कर्मचारी संघ ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। पिता की हत्या के बाद से जगबीर का छोटा बेटा संदीप (22) सदमे में था। परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह आठ बजे वह घर से चला गया था। जब वह वापस नहीं आया तो उसका बड़ा भाई दीपक उसे तलाश करते हुए उसी श्मशान घाट में पहुंचा था, जहां उनके पिता का अंतिम संस्कार किया गया था।
उसे वहां पर संदीप मिल गया था। तब उसकी हालत बिगड़ी हुई थी। वह उसे घर ले आए थे। दीपक के अनुसार उसका भाई पिता की हत्या से आहत होने के साथ ही थार जीप सवार युवक-युवतियों की गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध था। वे उसे घर ले गए। उन्होंने समझा कि रातभर सो नहीं पाने से उसकी हालत बिगड़ी है।
उसके कपड़े उतरवा कर उसे घर में लेटा दिया था। जब उसकी बहन उसके कपड़े धोने लगी तो उसे संदीप के कपड़ों में गोली मिली। इस पर उन्हें कोई जहरीला पदार्थ निगलने का शक हुआ तो वे उसे तुरंत निजी अस्पताल में ले गए, जहां पर चिकित्सक ने सल्फास (जहर) खाने की बात कही। साथ ही उसके भाई को दाखिल कर लिया। दीपक ने पिता की हत्या के मामले में निष्पक्ष और तीव्र जांच की मांग की।
कुंडली के पास रोडवेज चालक की थार जीप से कुचलकर हत्या की गई थी। चालक के बेटे ने अब श्मशान घाट पर जाकर जहर खा लिया। उसको परिजन निजी अस्पताल में लेकर गए। उसे बेहतर उपचार दिलवाया जा रहा है। पूरे मामले की जांच जारी है। - इंस्पेक्टर नीरज सिंह, थाना प्रभारी सिटी