फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत: दहेज में नहीं लेकर आई कार तो विवाहिता को फंदे पर लटकाया, दस दिन बाद मौत

Tue, 19 Jul 2022 10:04 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

विवाहिता के पिता के बयान पर आरोपी पति समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव थरिया में फरवरी, 2019 में पानीपत की तरन्नुम का निकाह हुआ था। दो साल की बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया।
विज्ञापन
गांव थरिया में विवाहिता की दहेज हत्या के मामले में कागजी कार्रवाई करती पुलिस व विलाप करते परिजन। तरन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के सोनीपत के गांव थरिया में दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने के चलते विवाहिता को फंदे पर लटकाने का मामला सामने आया है। दस दिन तक अस्पताल में उपचाराधीन रहने के बाद मंगलवार को विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने पति समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। 

विज्ञापन


पानीपत के गांव नवादा पार निवासी इकबाल ने सदर थाना पुलिस को बताया कि उसने अपनी बेटी तरन्नुम (23) का निकाह फरवरी, 2019 में गांव थरिया निवासी सलीम के साथ किया था। शादी के बाद से ही उसकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा था। उसकी बेटी से दहेज में कार की मांग की जा रही थी।  

प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बेटी ने उसे सूचना दी थी। जिस पर वह उसकी ससुराल गया तो कई दिन तक सब ठीक रहा। बाद में फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई। ईद पर उसकी बेटी मायके आई हुई थी। बाद में 10 जुलाई को वह ससुराल चली गई। उस दिन कार की मांग को लेकर उसकी बेटी को बुरी तरह पीटा गया और बाद में फंदे पर लटका दिया गया जिससे उसकी बेटी की हालत बिगड़ गई।
विज्ञापन


उसे सोनीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उसकी बेटी की मंगलवार को मौत हो गई। इकबाल का कहना है कि उसकी बहन ने उसे सूचना दी कि तरन्नुम को मार दिया गया है। जब उसने उसके ससुराल पक्ष के पास फोन किया तो उसके ससुर व जेठ ने कहा कि उन्होंने उसकी बेटी को फंदा देकर मार दिया है।

जेठानी ने भी कहा कि उन्होंने उसकी बेटी को मार दिया है। साथ ही उसने धमकी दी कि अब क्या तुझे शपथ पत्र पर लिखकर दें। जिस पर उसने मौके पर पहुंचकर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। साथ ही इकबाल के बयान पर उसकी बेटी के पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

दो साल की बेटी के सिर से उठा मां का साया
गांव थरिया की तरन्नुम की मौत के बाद उसकी दो साल की बेटी के सिर से मां का साया सदा के लिए उठ गया है। उसकी बेटी को तो यह भी पता नहीं है कि अब उसकी मां उसे कभी नहीं मिल सकेगी। साथ ही पिता व अन्य पर मां की दहेज के लिए हत्या करने का मुकदमा दर्ज हो गया है। 

विवाहिता को संदिग्ध अवस्था में फंदे पर लटकने के चलते निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। विवाहिता के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। -इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें