सोनीपत के गांव फरमाणा में खेत से लौट रहे किसान पर बाइक सवार चार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। पहले आए दो युवकों ने नाम पूछा और कुछ देर बाद दो अन्य संग आकर गोली चला दी। गनीमत रही की गोली नहीं लगी। इस पर हमलावरों ने किसान को गिरा कर लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। किसान के शोर मचाने पर तीन हमलावर बाइक से भाग निकले, एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। किसान को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस ने हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक पर सवार होकर आए थे चोर हमलावर, वारदात कर भागने लगने तो एक को दबोचा
गांव फरमाणा निवासी किसान सुभाष ने पुलिस को बताया कि वह रविवार देर शाम अपने खेत में गए थे। वह जब खेत से घर की तरफ लौट रहे थे तो इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। युवकों ने उनसे कहा कि तुम भैंसवाल निवासी सुभाष हो। जिस पर उन्होंने कहा कि वह फरमाणा निवासी सुभाष है। इस पर दोनों युवक चले गए। कुछ देर बाद दोनों युवक वापस आए। उनके साथ दो अन्य भी पैदल पहुंचे। आते ही एक युवक ने उन पर गोली चला दी।
आरोपी को पुलिस के हवाले किया गया, खरखौदा पुलिस कर रही मामले की जांच
गनीमत रही कि वह बच गए। इस पर युवकों ने उन्हें नीचे गिरा दिया और हाथ-पैरों पर डंडों से वार करने शुरू कर दिए। उन्होंने उसे बुरी तरह घायल कर दिया। इस पर उन्होंने बचाओ का शोर मचाया तो लोग एकत्रित हो गए। लोगों को देखकर हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भागने लगे। तीन युवक बाइक पर सवार होकर भाग गए। एक युवक खेतों की तरफ भागा तो ग्रामीणों ने उसे हथियार समेत दबोच लिया।
पुलिस ने हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में दर्ज किया मुकदमा
किसान सुभाष का कहना है कि उन पर किसी ने रंजिशन जानलेवा हमला करवाया है। फरमाणा चौकी पुलिस ने किसान सुभाष की शिकायत पर पकड़े गए युवक देवेंद्र से पूछताछ शुरू कर दी है। सुभाष को घायल अवस्था में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। खरखौदा पुलिस मामले की जांच कर रही है।