हरियाणा के सोनीपत में मुरथल रोड स्थित एक साइबर कैफे की दूसरी मंजिल पर बंद पड़े पीजी में 32 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। महिला के चेहरे व सिर में चोट के निशान के साथ ही गले पर भी निशान मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा। महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मुरथल रोड पर आसाराम का भवन है। जिसमें प्रवीन साइबर कैफे चलाते हैं। सोमवार को प्रवीन ने पुलिस को बताया कि उनके कैफे के ऊपर बने कमरे में एक महिला का शव पड़ा है। उसने पुलिस को बताया कि महिला रविवार देर शाम को एक युवक संग उनके कैफे में आई थी। युवक ने कैफे में आने के बाद कुछ देर महिला से बातचीत करने की बात कही थी। इस पर उन्होंने युवक को कैफे के दूसरी मंजिल पर बंद पड़े पीजी के कमरे में भेज दिया। वहां पर पहले पीजी चलाते थे।
कैफे संचालक ने पुलिस को बताया कि कुछ देर बाद उसे युवक बाहर जाता दिखाई दिया। उसे लगा कि महिला भी उसके साथ चली गई होगी। जिस पर वह साइबर कैफे को बंद कर घर आ गए थे। सोमवार को जब कमरे में सफाई कर्मी सफाई करने गई तो उसने महिला का शव पड़ा होने की सूचना दी। जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने पहचान का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने शव को सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बाद में पता लगा कि महिला मुरथल थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली है। पुलिस ने उसके चेहरे पर आंख के नीचे चोट का निशान मिला है। साथ ही सिर में भी चोट का निशान है। वहीं उसके गले पर भी हल्का निशान है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा।
महिला के परिजनों को दी जानकारी
पुलिस के अनुसार महिला मुरथल थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली है। उसकी उम्र करीब 32 वर्ष है। मामले में हर पहलू पर जांच की जा रही है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। महिला संग आए युवक के बारे में पता लगाया जा रहा है। महिला के परिजनों को घटना से अवगत करा दिया गया है।
दो दिन से लापता थी महिला, घर से रुपये जमा कराने के लिए निकली थी
मुरथल थाना क्षेत्र के गांव की 32 वर्षीय महिला का सोनीपत शहर में मायका है। महिला के परिजनों ने बताया कि उसकी तीन बेटियां व एक बेटा है। महिला दो दिन से लापता थी। वह घर से कुछ रुपये लेकर जमा कराने के लिए आई थी और वापस नहीं लौटी। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी। महिला का शव सेक्टर-27 थाना क्षेत्र में मिला है। उसका मायका भी इसी थाना क्षेत्र में आता है।
साइबर कैफे के ऊपर बंद पीजी के कमरे में महिला का शव मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। महिला संग आए युवक की जानकारी जुटाई जा रही है।
-संदीप कुमार, थाना प्रभारी, सेक्टर-27