सोनीपत-रोहतक राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव लहराड़ा के पास शुक्रवार को जाम लगाकर विरोध जताने के मामले में पुलिस ने ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में 6 लोग नामजद भी हैं। बता दें कि गुरुवार शाम को गांव लहराड़ा निवासी नवीन कुमार (20) की गांव के सामने सड़क पार करते समय एक बस की चपेट में आने से मौत हो गई थी। शुक्रवार को इस मामले में बैयांपुर और लहराड़ा के ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार करने और सड़क पर ब्रेकर लगाने की मांग उठाई थी। दिनभर ग्रामीणों व पुलिस में खींचतान बनी रही। काफी जद्दोजहद के बाद लगभग 7 घंटों बाद शाम सवा पांच बजे ब्रेकर बनाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया गया था। शनिवार को इस मामले में सदर थाना पुलिस ने जाम लगाने वालों पर केस दर्ज किया है। मामले में एएसआई अशोक के बयान पर गांव लहराड़ा के विशाल, धीरज, संदीप, काला, नवीन और प्रवीण को नामजद करते हुए करीब 30 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।