हरियाणा के सोनीपत में ई-रिक्शा में सवार होकर छोटी बेटी के साथ दूसरी बेटी के घर जा रही महिला के पर्स से 1.25 लाख रुपये चोरी हो गए। पीड़िता जब बेटी के घर पहुंची तो चोरी का पता लगा। महिला का आरोप है कि ओल्ड डीसी रोड से दो महिलाएं एक बच्चे के साथ सवार हुई थीं। शक है कि उन्होंने ही रुपये चोरी किए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी वीना ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि वह 7 जनवरी को अपनी बेटी दिल्ली के आदर्श नगर की रहने वाली शिवानी के साथ सुभाष चौक के पास मिष्ठान भंडार पर आई थी। उनके बैग के अंदर सवा लाख रुपये यहां से वह अपनी बेटी के साथ दूसरी बेटी रितिका के घर सेक्टर-15 में जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हो गई।
जब वह कच्चे क्वार्टर के पास पहुंची तो वहां से दो महिला और एक बच्चा सवार हुए। तीनों मामा भांजा चौक के पास साइकिल की दुकान के सामने उतर गए। इसके बाद ई-रिक्शा चालक उन्हें लेकर सेक्टर-15 में पहुंच गया। वह ई-रिक्शा से उतरकर अपनी बेटी के घर में चली गई। अंदर जाने के बाद जब उन्होंने बैग को खोला तो उसके अंदर छोटे पीले रंग के बैग में रखी 1.25 लाख रुपये की नकदी गायब मिली।
वीना ने बताया कि उन्हें पूरा शक है कि नकदी को ई-रिक्शा सवार महिलाओं ने चोरी किया है। उन्होंने अपने स्तर पर उनके बारे में पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जिस पर अब उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने महिला के बयान पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, सादे कपड़ों में भी पुलिस टीम को तैयार किया
मामले के जांच अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों की टीम को सादे कपड़ों में भी तैनात किया गया है। हर संदिग्ध पर नजर रखी जा रही है।
पहले भी हो चुकी है इस तरह चोरी की वारदात
- 13 अप्रैल, 2022 को ई-रिक्शा में सवार चिकित्सक की मां के बैग से 17 हजार रुपये व सात डेबिट कार्ड से भरा पर्स, ई-रिक्शा में सवार हुई दो अन्य महिलाओं पर शक जताया था। उनके साथ बच्चा भी था।
- 10 अक्तूबर, 2021 को ऑटो में महिला के थैले से 38 हजार रुपये से भरा पर्स चोरी हुआ।
- 6 अक्तूबर, 2021 ई-रिक्शा में सवार होकर मायके जा रही महिला के बैग से आभूषण व नकदी से भरा पर्स चोरी किया गया था। ई-रिक्शा में बच्चे के साथ सवार हुई दो महिलाओं पर जताया था शक।
महिला ने पर्स से नकदी चोरी किए जाने की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही महिलाओं का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। -इंस्पेक्टर सवित कुमार, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत