सोनीपत में गांव बुटाना से बाइक सवार दो झपटमार ग्रामीण से हाथ से नकदी से भरा बैग छीनकर भाग गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत बरोदा थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।
मंगलवार देर शाम नकदी लेकर गोहाना से गांव बुटाना आए थे ग्रामीण रणधीर
गांव बुटाना निवासी रणधीर ने बरोदा थाना पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को गोहाना गए थे। वहां से देर शाम वह बैग में दो लाख रुपये की नकदी लेकर अपने घर के लिए चले थे। जब वह अपने गांव में स्थित गीता स्कूल के पास पहुंचे तो इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक सवार होकर उनके पास पहुंचे। इससे पहले की वह कुछ समझ पाते युवक उनके हाथ से नकदी से भरा बैग छीनकर गांव की तरफ भाग गए। उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन दोनों झपटमार भाग निकले। पीड़ित ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। बरोदा थाना पुलिस ने झपटमारी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अधिकारी के अनुसार
ग्रामीण ने नकदी से भरा बैग छीनने की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। जल्द उनका पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-इंस्पेक्टर रमेश चंद्र, थाना प्रभारी, बरोदा।