सोनीपत के गांव ईशापुर खेड़ी में बुजुर्ग की डंडों से बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी गई। उनके बेटे मजदूरी कर लौटे तो पिता गांव की चौपाल के पास बेसुध पड़े मिले। उनके शरीर पर चोट के कई निशान थे। वह उन्हें लेकर घर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची बरोदा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बेटे ने उसी कहासुनी की रंजिश में हत्या करने का लगाया आरोप
गांव ईशापुर खेड़ी निवासी सोमबीर उर्फ भोलू ने बरोदा थाना की बुटाना चौकी पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करते है। वह 15 अगस्त को दोपहर के समय घर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें पड़ोसी की बेटी मिली। उसने उनके पिता राजपाल के बारे में बताया कि ताऊ चौपाल के पास बेसुध पड़े हैं। जिस पर वह चौपाल के पास पहुंचे तो पिता राजपाल गंभीर हालत में पड़े पाया।
गांव ईशापुर खेड़ी में स्वतंत्रता दिवस के दिन हुई वारदात
उन्होंने पता किया तो ग्रामीण चिराग ने उसे बताया कि वह स्कूल से घर आ रहे थे तो उन्होंने देखा था कि चौपाल के पास गांव का ही कश्मीर डंडे से आपके पिता राजपाल को मार रहा था। सोमबीर ने बताया कि उन्होंने देखा कि उनके पिता के शरीर पर चोट के काफी निशान थे। जिस पर वह परिजनों की मदद से अपने पिता को लेकर घर पर पहुंचे। जहां पर उनके पिता की देर शाम मौत हो गई। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची बरोदा थाना की बुटाना चौकी ने जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बेटे के बयान पर कश्मीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम बुधवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराएगी।
बेटा बोला दो दिन पहले आरोपी के पिता संग हुई कहासुनी
राजपाल के बेटे सोमबीर ने बताया कि उनके पिता की दो दिन पहले कश्मीर के पिता संग कहासुनी हो गई थी। उसी कहासुनी की रंजिश में उनके पिता की हत्या की गई है।
अधिकारी के अनुसार
बुजुर्ग की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। बेटे के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-इंस्पेक्टर रमेश चंद्र, थाना प्रभारी, बरोदा।