शराब पीने को लेकर टोका तो फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पीटा
-हमलावरों ने गाड़ी भी तोड़ी, मौके पर पहुंची पुलिस तो भागे हमलावर
अमर उजाला ब्यूरो,
सोनीपत। शहर के गांधी चौक के पास अपने परिचित को सडक़ पर खड़े होकर शराब पीने से रोकना दो युवकों पर भारी पड़ गया। युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर शराब पीने से रोकने वाले युवकों की गाड़ी का फिल्मी स्टाइल में पीछा कर उन्हें रोक लिया और पीटकर घायल कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस को देखकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने दो नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सेक्टर-15 निवासी मोहित ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार को अपने साथी को कार में छोडने के लिए सेक्टर-23 जाने के लिए निकला था। जब वह गांधी चौक पर पहुंचे तो उसे अपना एक परिचित अन्य युवकों के साथ खड़ा दिखा। वह अन्य युवकों के साथ सडक़ किनारे गाड़ी खड़ी कर शराब पी रहा था। जिस पर उसने युवक को टोककर शराब नहीं पीने की बात कही। इसी बीच नशे में धुत एक अन्य युवक उनसे उलझ गया। वह फोन कर किसी को वहां बुलाने लगे। युवकों ने उनकी गाड़ी की चाबी भी निकाल ली। बाद में वह को लेकर वहां से चल पड़े। इसी बीच उन्हें पता लगा कि उनकी गाड़ी का पीछा किया जा रहा है। अब वह गोहाना रोड रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचे तो दूसरी गाड़ी सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसी बीच एक और गाड़ी वहां आ गई। दोनों गाडिय़ों से उतरे करीब एक दर्जन युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवकों ने ईंट-पत्थर व डंडे मार कर उनकी गाड़ी के भी शीशे तोड़ दिए। इसी बीच वहां महिला पुलिसकर्मियों की पीसीआर पहुंची तो युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस कर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक मोहित के बयान पर पुलिस ने दो नामजद युवकों सहित दस के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।