हत्यारों की नहीं हुई गिरफ्तारी, बिफरे लोगों ने एक घंटा जाम रखा शनि मंदिर रोड
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के कामी रोड स्थित सब्जी मंडी में मंगलवार दोपहर सब्जी विक्रेता की तेजधार हथियार व डंडों से पीटकर हत्या करने के मामले में परिजनों ने शुक्रवार को शनि मंदिर के सामने जाम लगा दिया। लोगों का आरोप था कि हत्या के तीन दिन बाद भी पुलिस हमलावरों तक नहीं पहुंच सकी है। इस दौरान परिजन बेटे की तस्वीर सड़क पर रख बैठ गए। बाद में थाना शहर प्रभारी सुरेश हुड्डा व सीआईए प्रभारी इंदीवर ने मौके पर पहुंच लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। करीब एक घंटे बाद जाम खोल दिया गया।
पुरखास अड्डा क्षेत्र निवासी विकास उर्फ विक्की (23) सब्जी मंडी में सब्जी बेचता था। परिजनों का कहना है कि मंगलवार दोपहर को उसे फोन कर मंडी में बुलाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान मोनू व प्रदीप नाम के दो युवक अपने साथियों के साथ मंडी में आए थे और एक दिन पहले हुए झगड़े की रंजिश में उन्होंने विकास पर हमला कर दिया था। विकास पर हमलावरों ने तेजधार हथियार व लाठी-डंडों से हमला कर अधमरा कर दिया था। बाद में उसे अस्पताल में ले जाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया था। मामले में तीन दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं होने से गुस्साए युवक के परिजनों ने वीरवार को करीब 11 बजे शनि मंदिर के सामने जाम लगा दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन युवक के परिजन उसका फोटो सड़क पर रखकर बैठ गए। बाद में मौके पर पहुंचे सिटी थाना प्रभारी सुरेश हुड्डा व सीआईए प्रभारी इंदीवर ने दो दिन में आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब एक घंटे मार्ग जाम रहा। जिससे वाहन चालकों को दिक्कत हुई।
किसी ने नहीं ली उनकी सुध
बेटे की तस्वीर लिए बैठी विकास की मां जीवनी देवी, चाचा नीकू व विनोद ने कहा कि उनके बेटे की हत्या के बाद भी कोई उनकी सुध लेने नहीं आया। जब तीन दिन तक उनसे बेटे के साथ हुई वारदात के बारे में पूछा तक नहीं गया और किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह मजूबरन सड़क पर उतर आए। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
वर्जन
हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। तीन टीम लगातार दबिश दे रहे हैं। पुलिस के हाथ कई ठोस सुराग लगे हैं। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
इंदीवर, प्रभारी सीआईए सोनीपत।