स्कूल बस की चपेट में आकर स्कूटी सवार घायल
गोहाना। गांव खानपुर कलां बाईपास के पास निजी स्कूल की बस ने स्कूटी सवार को चपेट में ले लिया। हादसे में व्यक्ति घायल हो गया। घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद गांव खानपुर कलां के बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल रेफर कर दिया। घायल ने पुलिस को शिकायत देकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पानीपत के गांव शाहपुर निवासी सुमेर ने बताया कि वह 19 जुलाई को स्कूटी पर सवार होकर गोहाना में गाय का दूध लेने के लिए आया था। जब वह दूध लेकर वापस जा रहा था और गांव खानपुर कलां मार्ग बाईपास पर होली फैमिली स्कूल की बस ने पीछे से उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सुमेर ने बताया कि उसने बस का नंबर नोट कर लिया था। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।