पति पर यौनाचार और ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की महिला ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने अपने पति पर अप्राकृतिक यौनाचार करने के साथ ही ससुर पर छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास का आरोप भी लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक महिला ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि उसकी शादी वर्ष 2012 में दिल्ली में हुई थी। शादी के बाद उसे दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जाने लगा। पीड़िता ने अपने पति पर अप्राकृतिक यौनाचार करने के अलावा ससुर पर छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। ससुराल पक्ष से परेशान होकर उसने अपने मायके वालों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी। जांच अधिकारी एएसआई संतोष ने बताया कि मामले को समझौता सदन अदालत में भेजा था, लेकिन वहां पर समझौता नहीं होने पर पीड़िता के बयान पर आरोपी पति, ससुर समेत चार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।