नहर में डूबे 6 साल के मासूम का नहीं लगा सुराग, प्रशासन व ग्रामीण तलाश में जुटे
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। गांव तेवड़ी के पास से गुजर रही जेएनएल रोहतक लिंक नहर में डूबे छह वर्षीय बच्चे लक्ष्य का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। गन्नौर एसडीएम के नेतृत्व में गोताखोर व ग्रामीण भी अपने स्तर पर बच्चे की तलाश में लगे हैं। प्रशासन ने खुबडू झाल पर पानी का बहाव कम कर दिया है। हालांकि पुलिस यह भी मान रही है कि बच्चे के नहर में डूबने का अंदेशा ही जताया गया है।
गांव तेवड़ी निवासी लक्ष्य (6) वीरवार को जेएनएल नहर में पशुओं को पानी पिलाने ले गए अपने दादा बलवान के साथ गया था। इसी बीच वह अचानक लापता हो गया। उसकी तलाश के बाद कोई जानकारी नहीं मिली तो अंदेशा जताया गया है कि लक्ष्य नहर में डूब गया है। जिसकी सूचना खुबडू पुलिस चौकी को दी गई। जिस पर चौकी प्रभारी फूलकुवार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से तलाशी अभियान शुरू कर दिया। हालांकि उसके बाद से कोई सुराग नहीं लग सका। बच्चे के डूबने की सूचना पर एसडीएम सुरेंद्र पाल व नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। लगातार तलाशी अभियान चलाने के बाद भी बच्चे का पता नहीं लग सका है। लक्ष्य अपने पिता सुनील की अकेली संतान है। लक्ष्य के जन्म के करीब तीन साल बाद उसकी मां घरेलू विवाद में अपने मायके चली गई थी। उसके दादा-दादी ही बच्चे का लालन-पालन कर रहे हैं। मामले को लेकर खुबडू झाल चौकी प्रभारी फूलकुंवार ने बताया कि बच्चे को नहर में डूबते हुए किसी ने नहीं देखा है। उसके नहर में डूबने का सिर्फ अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
---
प्रशासन की तरफ से चलाया जा रहा तलाशी अभियान
एसडीएम सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रशासन की तरफ से बच्चे की तलाश को अभियान चलाया गया है। मोटरबोट व गोताखोर बच्चे की तलाश में लगे हैं। पानी का बहाव भी कम कराया गया है।