कहासुनी में चाकू से गोदकर व्यक्ति की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव गढ़ी हकीकत में देर रात मामूली कहासुनी के बाद चार हमलावरों ने एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर बुरी तरह घायल कर दिया। परिजनों के आने पर चारों हमलावर फरार हो गए। घायल को सामान्य अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इससे पहले वह घायल को तीन निजी अस्पताल में लेकर गए थे, जहां दो में चिकित्सक नहीं मिले और एक अस्पताल में दाखिल करने से मना कर दिया गया। पुलिस ने चार नामजद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया है।
गांव गढ़ी हकीकत निवासी महाबीर (42) मंगलवार रात को अपने घर के बाहर चारपाई पर बैैठा था। इसी दौरान वहां पहुंचे चार युवकों की उससे बहस हो गई। इसी दौरान शोर सुनकर महाबीर का बेटा प्रिंस बाहर आया तो पिता के साथ युवकों को झगड़ा करता देख वह अपने चाचा मेहर सिंह को बुलाने चला गया। जब वह दोनों वापस आए तो उन्होंने देखा कि तीन युवकों ने महाबीर को पकड़ा हुआ था और एक चाकू मार रहा था। उनके आने पर चारों वहां से फरार हो गए। मेहर सिंह व प्रिंस महाबीर को लेकर सोनीपत अस्पताल में आए। सामान्य अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना के बाद पहुंची मोहाना थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मेहर सिंह के बयान पर गांव जाजी निवासी भूपेंद्र उर्फ पाका, मोहाना निवासी विक्की, समुंद्र व मोनू को नामजद किया है। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
मरने से पहले परिजनों को बताए नाम
मेहर सिंह ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो हमलावर उन्हें देखकर भाग गए। उस समय उसका भाई महाबीर होश में था। उसने बताया कि भूपेंद्र ने उस पर चाकू से वार किया और विक्की, समुंद्र व मोनू ने उसे पकड़ रखा था।
पहले भी हुई थी कहासुनी
मेहर सिंह ने बताया कि चारों युवकों के साथ उसके भाई की पहले भी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उसके बाद मामला शांत करा दिया था। मंगलवार रात को फिर से उन्होंने कहासुनी कर दी और बाद में वारदात को अंजाम दिया।
तीन निजी अस्पतालों में नहीं मिले डॉक्टर, नहीं तो बच सकती थी जान
सामान्य अस्पताल में महाबीर का पोस्टमार्टम कराने आए परिजनों ने बताया कि वह रात को महाबीर को लेकर तीन निजी अस्पतालों में गए थे। जहां दो में चिकित्सक ही नहीं मिले तो एक में उसके भाई को दाखिल नहीं किया गया। उसके बाद वह उसे लेकर सामान्य अस्पताल में पहुंचे जहां जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। मामले में मामूली कहासुनी के चलते वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। मृतक के भाई के बयान पर चार युवकों को नामजद किया है। जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
-रमेश, थाना प्रभारी, मोहाना।