पांच हजार का इनामी बदमाश सोमबीर गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। गोहाना एसआईटी की टीम ने पांच हजार के इनामी बदमाश व चंदा गैंग के सदस्य बीधल निवासी सोमबीर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या प्रयास के पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है। एसआईटी प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि हत्या प्रयास के मामले में आरोपी सोमबीर झज्जर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सोमबीर पर 1 व 2 अप्रैल को सोनीपत के बाईपास स्थित शराब ठेके के कारिंदों पर गोली चलाने, 16 अप्रैल को गांव जुआं में शराब ठेका संचालक पर गोली चलाने, 2 जून को रोहतक के सांपला थाने के गांव कुलताना में ईंट भट्ठे पर गोली चलाने, डेढ़ साल पहले गन्नौर में गोली चलाने का मामला दर्ज है। आरोपी गन्नौर के मामले में कोर्ट से भगोड़ा है। आरोपी को एएसआई नरेश की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी पर शहर थाना सोनीपत पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। इसके साथी बीधल के चांद उर्फ चंदा व अन्य को पहले काबू किया जा चुका है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त गाड़ी व हथियार बरामद कर चुकी है।