अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर के मालवीय नगर में रविवार को बिजली के बिल देने गए युवकों ने जमकर दबंगई दिखाई। उन्होंने एक बीमार व्यक्ति से मारपीट की और उनके घर पर ईंट-पत्थर बरसा दिए। जब पीड़ित परिवार ने हमलावरों का वीडियो बनाने का प्रयास शुरू किया तो उन्होंने मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। बाद में कॉलोनी के लोगों के एकजुट होने पर हमलावर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
सेक्टर-23 के पास स्थित मालवीय नगर में रविवार शाम को सात-आठ युवक बिजली के बिल बांटने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने गली में ताश खेल रहे बुजुर्गों के सामने कुछ लोगों के नाम लिए और उनके बिजली बिल होने की बात कही। इस पर वहां बैठे पूर्व पार्षद सत्यवंती के पति जगदेव सिंह ने कहा कि इन नाम के लोग इस कॉलोनी में नहीं है। इस पर युवक तैश में आ गए और जगदेव से गाली-गलौज करने लगे। जगदीप ने उन्हें अभद्रता करने रोका। इस पर युवक बिफर गए और जगदीप को धमकी देकर वहां से चले गए।
आरोप है कि कुछ देर बाद युवक करीब दर्जनभर अन्य युवकों के साथ उनके पास पहुंचे। उन्होंने आते ही बीमार जगदीप के घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। इसी बीच पास ही ताश खेल रहे लोगों ने बीच बचाव कर जगदीप व उनके परिजनों को बचाया। सत्यवंती ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। जिस पर मामले की जांच की जा रही है।
घर पर बरसाए ईंट-पत्थर
सत्यवंती ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने आरोपियों के अभद्र व्यवहार का विरोध किया तो वह बिफर गए और ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। उनके घर में जगह-जगह ईंट-पत्थर बिखरे हुए हैं। गनीमत रही कि परिवार के किसी सदस्य को ईंट-पत्थर नहीं लगे। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
वीडियो बनाई तो फोन छीनने का प्रयास
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब हमलावरों के हमले व गाली-गलौज का वह वीडियो बना रहे थे तो उन्होंने उसके पति से न केवल मारपीट की बल्कि उनका मोबाइल फोन छीनने का प्रयास भी किया। हालांकि इसी दौरान कॉलोनी के लोगों के आने के बाद हमलावर घबरा गए और मौके से भाग खड़े हुए।
वर्जन
महिला ने घर में घुसकर हमला करने व ईंट-पत्थर बरसाने की शिकायत दी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी।
बीर सिंह, चौकी प्रभारी, सेक्टर-23।