एंबुलेंस में ईएमटी ने करवाया प्रसव, जच्चा-बच्चा सुरक्षित
सोनीपत। मुरथल क्षेत्र से गर्भवती महिला को अस्पताल लाते समय अचानक हुई प्रसव पीड़ा के बाद एंबुलेंस में ही चालक व ईएमटी (आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन) की सूझबूझ से महिला का प्रसव कराया गया। जच्चा-बच्चा पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
गांव पबनेरा निवासी अनिल ने बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती थी। प्रसव का समय पूरा हो गया था। जिस पर मंगलवार रात को उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उसने आपाताकालीन नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस भेजने को कहा। कुछ देर में एंबुलेंस उनके घर पहुंच गई। गर्भवती महिला के साथ आशा वर्कर को लाने के लिए परिजनों ने फोन पर सूचित किया, लेकिन आशा वर्कर नहीं मिल सकी। अनिल ने बताया कि वह अपनी पत्नी को एंबुलेंस में लेकर गांव से चल पड़ा। मुरथल फ्लाईओवर निकलते ही मेरी पत्नी को अधिक प्रसव पीड़ा होने लगी। इस पर चालक ने एंबुलेंस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। ईएमटी को वहीं एंबुलेंस में ही प्रसव कराना पड़ा। उसकी पत्नी व उसकी नवजात बेटी स्वस्थ है। अनिल ने बताया कि समय पर ईएमटी विकास और चालक तेजराम की सूझबूझ से उसका परिवार स्वस्थ है। अनिल ने मामले में आशा वर्कर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उसने बताया कि रात को प्रसव पीड़ा होने पर संपर्क किया तो उसने बहाना बनाकर आने से मना कर दिया।