सफाई कर्मी व पार्षद के परिजन पर नप में बिना काम वेतन लेने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। नगरपरिषद की उप चेयरपर्सन सहित सात पार्षदों ने मिलकर नप के ठेकेदार की ओर से नौकरी में धांधली करने का आरोप लगाया। पार्षदों ने इस मांग को लेकर भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मबीर नांदल को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की है। वहीं पार्षदों ने इस धांधली के पीछे नप के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया।
नप की वाइस चेयरपर्सन राजेश देवी पांचाल, पार्षद जगबीर पांचाल, सुनील निम्बडियां, विजेंद्र भनवाला, सोनिया कौशिक, सरोज शर्मा, शोभा कपूर ने कहा कि नियमानुसार नप का कोई भी अधिकारी व पार्षद अपने किसी रिश्तेदार को नप में नियुक्त नहीं कर सकता है। लेकिन नप कार्यालय में तैनात सफाई कर्मी के परिजन व एक पार्षद का बेटा सफाई कर्मचारी के रूप में ठेके पर लगे हुए हैं। आरोप है कि दोनों बिना काम के वेतन ले रहे हैं। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मबीर नांदल ने मामले की जांच करवाने के लिए सीएम तक उनकी शिकायत पहुंचाने का आश्वासन दिया।