सड़क हादसे में डीटीसी चालक की मौत
गांव सोहटी के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने कुचला
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा/सोनीपत। गांव सोहटी के पास सड़क पार कर रहे डीटीसी बस चालक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने उनके बेटे के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव सोहटी निवासी सुरेंद्र कुमार डीटीसी में बतौर चालक नियुक्त थे। वह फिलहाल दिल्ली के कंझावला डिपो में नियुक्त थे। वह सोमवार देर शाम ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। जब वह गांव के बहादुरगढ़ मोड़ पर रोड क्रास कर रहे थे कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इसी दौरान गांव की महिला ने सुरेंद्र को सड़क पर पड़ा देख उनके बेटे अमित को सूचना दी। जिस पर उसके परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और घायल को दिल्ली स्थित निजी हास्पिटल में पहुंचाया, लेकिन ज्यादा चोट होने के चलते चिकित्सकों ने उन्हें सरोज हास्पिटल, दिल्ली रेफर कर दिया। सरोज हास्पिटल में चिकित्सकों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। सुरेंद्र के बेटे अमित कुमार की शिकायत पर सैदपुर चौकी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दिल्ली के अंबेडकर हास्पिटल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।