शराब बंदी वाले प्रदेश में करता था सप्लाई, मुख्य सप्लायर को पुलिस ने किया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा/सोनीपत। शराब बंदी वाले प्रदेशों में अवैध रूप से शराब सप्लाई करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में पांच आरोपियों को पहले काबू कर चुकी है। पुलिस ने मई माह में सात ट्रकों में भरकर ले जाई जा रही करीब 65 सौ पेटी शराब बरामद की थी।
विदित रहे कि मई, 2018 में पुलिस को सूचना मिली थी कि खरखौदा क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर वाहनों को खड़ा किया गया है। आरोप था कि शराब को पंजाब व चंडीगढ़ से मंगवाया गया है। जिसे आगे सप्लाई किया जाएगा। जिस पर पुलिस व आबकारी विभाग की टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने सबसे पहले खरखौदा अनाज मंडी पहुंचे तो वहां पर ट्रक खड़ा मिला था। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसके अंदर से अवैध शराब मिली थी। पुलिस ने चालक बंटी को गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद पुलिस को बताया गया था कि सिसाना के पास देव ढाबे के निकट शराब के वाहन खड़े है। जिस पर अलग-अलग टीमों ने छापामार कार्रवाई करते हुए वहां से छह अन्य वाहन बरामद किए थे। जिनमें शराब भरी थी। पुलिस ने वाहनों के अंदर से करीब 65 सौ पेटी अवैध शराब बरामद की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। बाद में पता लगा था कि शराब को बिहार व गुजरात में सप्लाई किया जाना था। बिहार व गुजरात में फिलहाल शराब बंद है। जिसके चलते वहां हरियाणा से शराब की तस्करी कर मोटा मुनाफा कमाना था। पता लगा था कि शराब को पंजाब व चंडीगढ़ से तस्करी कर लेकर आए थे। पुलिस ने मामले में दो ढाबा संचालक सुखबीर व विजय के साथ ही ट्रक चालक महेंद्रगढ़ के जाटूसाना निवासी चांदराम, अनाज मंडी के चौकीदार गांव सिसाना निवासी सतबीर को काबू किया था। अब मामले में पुलिस ने हरीश को काबू किया है। एसआई सुभाष ने आरोपी को खरखौदा कोर्ट से दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले में सबूत जुटा रही है।
शराब को तस्करी कर लाने व आगे सप्लाई किए जाने के मामले में आरोपी को काबू कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
- राजीव, थाना प्रभारी, खरखौदा।