पिस्तौल दिखाकर स्कूटी, मोबाइल व 17 हजार लूटने के दो आरोपी काबू, स्कूटी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। एसआईटी ने गांव रोहट स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन के पास दुकानदार से पिस्तौल दिखाकर स्कूटी, 17 हजार रुपये व मोबाइल फोन छीनने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव सफियाबाद निवासी रोहित उर्फ हिमांशु व भौवापुर निवासी सागर है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी बरामद कर ली है। पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
2 जून को मूलरूप से गांव जसराना फिलहाल आदर्श नगर निवासी पवन ने बताया था कि उसकी खरखौदा में पक्का बाग वाली गली में स्टार टेलीफोन के नाम से दुकान है। 1 जून की रात वह दुकान बंद कर अपनी स्कूटी पर सोनीपत के लिए चला था। कंवाली मोड़ से आगे रोहट के पास कार सवार चार युवकों ने उसे रुकवा लिया था। युवकों ने उस पर पिस्तौल तान दी थी और मारपीट कर 17 हजार रुपये व मोबाइल फोन छीन लिया था। बाद में एक युवक ने उसकी स्कूटी भी छीन ली थी। इस मामले में एसआईटी में नियुक्त एएसआई राजबीर की टीम ने रोहट नहर पुल के पास से लूटी गई स्कूटी सहित हिमांशु व सागर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लिया है। जिससे नकदी व मोबाइल बरामद करने के साथ ही उनके साथियों का पता लगाया जा सके।