सोनीपत। मुरथल रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह के दौरान दुल्हन की मां का बैग चोरी करने के आरोपियों से पुलिस ने रिमांड के दौरान दो कंगन व 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए थे। पंचम नगर निवासी जयपाल ने थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 24 नवंबर को मुरथल रोड स्थित ग्रांड इंपीरियल बैंक्वेट हॉल में उसकी बेटी की शादी थी। शादी समारोह के दौरान किसी ने उसकी पत्नी किरण का बैग चोरी कर लिया। जिसमें डेढ़ लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवरात व कन्यादान में आए कुछ लिफाफे थे। चोरी की यह वारदात बैंक्वेट हॉल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी। थाना सदर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को देखते हुए धानक बस्ती निवासी शंकर व राजेश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने सोमवार देर शाम दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने बताया कि शादी समारोह में दुल्हन की मां का बैग चोरी करने के दोनों आरोपियों का तीन दिन का रिमांड लिया था। पुलिस ने रिमांड के दौरान उनके कब्जे से 50 हजार रुपये व दो सोने के कंगन बरामद कर लिए हैं।