सीए के दो कार्यालय बने चोरों का
निशाना, लाखों का सामान उड़ाया
सोनीपत। कुंडली स्थित दहिया काम्पलेक्स में सीए के दो कार्यालयों को निशाना बनाकर चोर लाखों का सामान उड़ा ले गए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जीवन नगर निवासी ईश कुमार ने बताया कि वह दहिया काम्पलेक्स में कृष्णा एसोसिएटस के नाम से अकाउंटेंट कार्यालय है। उन्होंने बताया कि वह शनिवार शाम को अपने कार्यालय को बंद कर गए थे। मंगलवार सुबह उन्हें ऑफिस ब्वॉय ने कार्यालय में चोरी की सूचना दी। उसने बताया कि ऑफिस का दरवाजा खुला है और अंदर से दो डेस्कटॉप कंप्यूटर व एक लैपटाप चोरी है। जब वह कार्यालय पहुंचे तो पता लगा कि उनके पास ही केडी एसोसिएटस को भी चोरों ने निशाना बनाया है। चोर वहां से एक कंप्यूटर व दो एलईडी स्क्रीन चोरी कर ले गए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है।
सीए के दो कार्यालयों में चोरी की शिकायत मिली है। जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरों का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
रामबीर, जांच अधिकारी, कुंडली थाना।