अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
युवती संग गैंगरेप के बाद उसकी निर्मम हत्या करने के मामले में आखिर 43 दिन बाद पुलिस ने 409 पेज की चालान रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी। पुलिस ने चालान रिपोर्ट में 50 लोगों की गवाही से दरिंदगी की दास्तां को बयां किया है। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में तीन को आरोपी बनाया है। इसमें दो मुख्य आरोपियों के साथ सबूत खुर्द-बुर्द करने वाले युवक को भी तीसरा आरोपी बनाया है। पुलिस ने जांच के दौरान कोई सबूत नहीं मिलने पर छह अन्य जांच में निकाल दिया हैं। चालान रिपोर्ट शुक्रवार शाम एसीजेएम सुनील चौहान के सामने पेश किया गया। पुलिस डीएनए मिलान से लेकर वारदात में प्रयुक्त ईंट व खून से सने कपड़े बरामद करने के बाद अब आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेगी। पुलिस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की अर्जी पहले ही दे चुकी है।
शुक्रवार शाम को सिटी थाना प्रभारी राजपाल सिंह अपनी टीम के साथ एसीजेएम सुनील चौहान की अदालत में चालान पेश करने पहुंचे। पुलिस की तरफ से पेश की गई कुल 409 पेज की भारी भरकम चालान रिपोर्ट में पुलिस ने 50 लोगों की गवाही को शामिल किया है। इसमें तीन युवकों को आरोपी बनाया गया है। इनमें कीर्तिनगर के सुमित, कबीरपुर निवासी उसका साथी विकास और सबूत खुर्द बुर्द करने के आरोपी पंकज को शामिल किया गया है। तीनों के खिलाफ पुलिस पुख्ता सबूत का दावा कर रही है।
इन सबूतों से सजा दिलाने का होगा प्रयास
1. डीएनए रिपोर्ट : पुलिस ने मामले में आरोपियों की डीएनए रिपोर्ट बरामद की है। इसमें दोनों आरोपियों के डीएनए युवती के साथ हुई वारदात से मिलान हो चुके हैं। यह पुलिस के लिए बहुत बड़ा सबूत बन सकते हैं।
2. वारदात में प्रयुक्त ईंट : पुलिस टीम ने वारदात में प्रयुक्त ईंट को बरामद किया है। ईंट से पीटकर ही युवती से बेरहमी से हत्या की गई थी, जिस पर युवती का खून मिला है। इसे भी पुलिस मामले से जुड़ा बड़ा सबूत मान रही है।
3. आरोपियों के कपड़े : पुलिस ने आरोपियों के कपड़े भी बरामद किए हैं, जिन पर खून लगा था। वह भी आरोपियों के खिलाफ अपराध की पुष्टि में बड़े सबूत होंगे।
4. सबूत खुर्द-बुर्द कराने का आरोपी गिरफ्तार : पुलिस ने इस मामले में सबूतों को खुर्द-बुर्द करने के आरोपी को काबू किया है। आरोपी ने कबूल किया है। उसने सबूतों को नहर में फेंकवाया था।
यह था मामला
रोहतक स्थित पार्श्वनाथ सिटी में एक युवती का शव 11 मई को बरामद किया गया था। उसके सिर व चेहरे पर ईंटों से हमला कर उसकी हत्या की गई थी। उसकी शिनाख्त सोनीपत निवासी के रूप में हुई थी। युवती घर से तीन दिन पहले लापता हुई थी। वारदात का खुलासा सुमित को सीआईए द्वारा तमंचे सहित पकड़े जाने पर हुआ था। उसने बताया था कि वारदात में कबीरपुर निवासी उसका साथी विकास के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया था। सुमित व विकास दोनों ने युवती से दुष्कर्म किया था। सुमित युवती को साथी विकास की कार में रोहतक ले गया था। बाद में चरित्र पर संदेह के चलते उसकी हत्या कर दी थी। फिर बर्बरता करते हुए उसके चेहरे को ईंटों से कुचल दिया था।
पुलिसकर्मियों पर गिरी थी गाज
मामला सामने आने के बाद डीजीपी बीएस संधु सोनीपत पहुंचे थे। उन्होंने मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी को लाइन हाजिर करने के साथ ही दो एएसआई को निलंबित कर दिया था। उन्होंने मामले को बेहद संवेदनशील मानकर गंभीरता से जांच करने का आश्वासन दिया था। रोजाना के आधार पर इस मामले की कोर्ट में पैरवी कराने की बात कही थी, जिससे चार माह के भीतर फैसला हो जाए। उन्होंने एक माह में चालान पेश करने की बात कही थी। हालांकि, डीएनए रिपोर्ट आने के बाद अब 43वें दिन चालान पेश किया गया।
छह के खिलाफ नहीं मिला कोई ठोस सबूत
पुलिस ने परिजनों के बयान पर मामले में मुख्य आरोपी सुमित के तीन परिजनों व तीन अन्य को भी जांच में शामिल किया था। उनसे गहनता से पूछताछ के बाद भी कोई सबूत नहीं मिलने के बाद उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है।
चालान किया पेश, दोषियों को दिलाएंगे सजा : एसपी
युवती से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने चालान तैयार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। मामले में 50 लोगों की गवाही के आधार पर तीन को आरोपी बनाया गया है। जल्द दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
-अश्विन शेणवी, पुलिस अधीक्षक
409 पेज की चालान रिपोर्ट में 50 गवाहों ने बयां की दरिंदगी की दास्तां
युवती संग गैंगरेप व हत्या का मामला
चालान रिपोर्ट में पुलिस ने तीन को बनाया आरोपी, छह को जांच में निकाला
पुलिस ने वारदात के खुलासे के बाद 43वें दिन पेश की चालान रिपोर्ट
डीएनए का मिलान, वारदात में प्रयुक्त ईंट व खून से सने कपड़ों के बल पर पुलिस दिलाएगी इंसाफ