सोनीपत। शहर के सेक्टर-15 के रहने वाले युवक को बेहतर नौकरी दिलाने का झांसा देकर सात लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस युवक द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर के आधार पर ठगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
शहर के सेक्टर-15 निवासी अंकित ने पुलिस को बताया कि उसके पास दिसंबर, 2018 में मोबाइल पर एक युवक का फोन आया था। फोन करने वाले ने उसे कहा था कि वह इंप्लायमेंट सर्विस के कर्मी हैं। उनकी कंपनी युवाओं को सरकारी व निजी कंपनियों में बेहतर नौकरी दिलवाते हैं। उसने उसे कहा था कि उनकी कंपनी की तरफ से नौकरी पाने के लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए 40 हजार रुपये की राशि जमा करानी होगी। साथ ही उसने एक मोबाइल नंबर भी दिया। उसे मोबाइल नंबर देकर कहा गया कि ज्यादा जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क कर लें। अंकित ने बताया कि जब उसने युवक द्वारा दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो फोन किसी युवती ने रिसीव किया था। उसने अपना नाम सुमन बताया था। उसने उसे बेहतर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। वह उसकी बातों में आ गया। उसने पहले युवती के द्वारा दिए गए नंबर पर पेटीएम से 40 हजार रुपये डलवा दिए। उसके बाद युवती ने अलग-अलग समय पर बेहतर नौकरी का लालच देकर उससे अपने नंबर पर करीब सात लाख रुपये डलवा दिए। उसने 3 जनवरी तक उसके नंबर पर पैसे डाले थे।
नंबर बंद होने पर पुलिस को दी सूचना
बाद में उसने नौकरी दिलाने को कहा तो और पैसों की मांग की गई। जिस पर उसने मना कर दिया। कुछ दिन बाद वह नंबर बंद हो गया। उसने पहले दिए गए नंबर के बारे में पता किया तो वह नंबर दिल्ली की एक इंप्लायमेंट सर्विस का निकला। वहां पता करने पर किसी से संपर्क नहीं हो सका। जिस पर उसे ठगी का पता लगा। उसने मामले से सेक्टर-15 चौकी पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने अब जांच के बाद धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस नंबरों के आधार पर ठगों तक पहुुंचने का प्रयास कर रही है।
युवक ने नौकरी दिलाने के नाम पर सात लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। मामला दर्ज कर लिया है। युवक की तरफ से मुहैया कराए गए मोबाइल नंबरों की जानकारी हासिल की जा रही है। जल्द ठगों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
सत्यनारायण, जांच अधिकारी, सेक्टर-15 चौकी।