निकाह का झांसा देकर तीन बच्चों के बाप ने युवती से किया दुष्कर्म
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत/खरखौदा। पानीपत की युवती को निकाह का झांसा देकर सोनीपत लाने और उससे तीन माह तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि निकाह का झांसा देने वाले युवक ने पहले भी निकाह कर रखा है और वह तीन बच्चों का पिता है। जब उसे मामले का पता लगा तो महिला थाना में शिकायत दी। यहां पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव की महिला ने पड़ोसी पर उसके घर में घुसकर दो बार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पानीपत की 19 वर्षीय युवती ने बताया कि उसकी पानीपत में रहने वाल शाबीर से जान पहचान हुई थी। तीन माह पहले शाबीर उसे बहकाकर सोनीपत ले गया। उसने सोनीपत में किराए पर मकान लेकर उसे यहां रखा और निकाह का झांसा देकर उससे तीन माह से लगातार दुष्कर्म कर रहा। अब उसे पता लगा कि शाबीर ने पहले ही निकाह कर रखा और उसके तीन बच्चे भी हैं। उसने आरोपी से इस बारे में कहा तो उसने उसके साथ निकाह करने से मना कर दिया। तब उसने मामले की शिकायत महिला थाना पुलिस को दी। महिला थाना पुलिस ने युवती का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में कार्रवाई करते हुए एएसआई उषा ने आरोपी शाबीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
---
पड़ोसी ने घर में घुस महिला से किया दुष्कर्म
खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली महिला ने अपने पड़ोसी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में 32 वर्षीय महिला ने बताया कि 7 अप्रैल को वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उनका पड़ोसी रवींद्र उनके घर में घुस आया था। आरोपी ने डरा धमकाकर उससे दुष्कर्म किया था। तब आरोपी ने किसी को बताने पर उसे बदनामी का भय दिखाया था। महिला ने बताया कि आरोपी ने 16 जून को उसके घर में घुसकर फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। जिससे तंग आकर उसने मामले से अपने परिजनों को अवगत कराया। जिस पर मामले की शिकायत खरखौदा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी रवींद्र के खिलाफ घर में घुसकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कर लिया है।
---
ससुर व चाचा ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
खरखौदा थाना क्षेत्र की महिला ने अपने ससुर व चाचा ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब सवा साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा था। उसके ससुर रणबीर व चाचा ससुर ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी उससे कई बार छेड़खानी भी कर चुके हैं। पति व सास भी दहेज को लेकर प्रताड़ित करने के साथ ही उसके ससुर व चाचा ससुर का ही साथ देते थे। पुलिस ने मामले में चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।