कार में लगे जीपीएस की मदद से डीटीसी चालक के शव तक पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडली/सोनीपत। गांव नाथूपुर के पास गड्ढे में पुलिस ने दिल्ली से लापता हुए डीटीसी चालक का शव बरामद किया है। चालक की तार से गला दबाकर हत्या की गई है। कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। जिसके बाद शव को दिल्ली के केशवपुरम थाना पुलिस को सौंप दिया। चालक के अपहरण का मामला केशवपुरम थाना में दर्ज है। दिल्ली पुलिस व्यक्ति की कार में लगे जीपीएस की लोकेशन के आधार पर नाथूपुर पहुंची और शव को बरामद किया था।
दिल्ली के सरूपनगर का रहने वाला प्रीतम सिंह (58) डीटीसी में चालक था। वह बुधवार रात को अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद कार लेकर डिपो से घर के लिए चला था। वह 12 बजे तक घर पहुंच जाता था। जब वह साढ़े 12 बजे तक घर नहीं पहुंचा तो उसकी पत्नी ने मोबाइल पर फोन किया। फोन बंद मिला तो बेटे दीपक को डिपो में भेजा। जहां पता लगा कि प्रीतम सिंह सवा 11 बजे ही निकल गए थे। जिस पर केशवपुरम व सरूपनगर थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। वीरवार सुबह उनकी कार में लगे जीपीएस की लोकेशन की जांच कराई तो पता लगा कि वह दिल्ली से बढख़ालसा के पास केजीपी पर गए थे। वहां से वापस आए। इस दौरान नाथूपुर व एक अन्य स्थान पर उनकी कार रुकी। बाद में कार की लोकेशन दिल्ली के ताजपुर गांव के पास मिली। वहां से तालाब किनारे कार को बरामद किया गया। जीपीएस से पता लगा कि 44 मिनट तक प्रीतम सिंह की कार नाथूपुर गांव के पास रुकी थी। जिस पर दिल्ली पुलिस कुंडली थाना पुलिस की मदद से मौके पर पहुंची। वहां काफी देर तक तलाश के बाद एक गड्ढे में प्रीतम सिंह का शव बरामद किया गया। उसकी तार से गला दबाकर हत्या की गई थी। कुंडली थाना प्रभारी बीर सिंह की टीम ने शव को निकलवाया। शुक्रवार को सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। दिल्ली के केशवपुरम थाना की पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। शव लेने पहुंचे परिजन नरेंद्र ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उसके चाचा की हत्या किसने कराई है।
---
दिल्ली से लापता हुआ डीटीसी चालक का शव नाथूपुर के पास गड्ढ़े में मिला है। शव का पोस्टमार्टम कराकर दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया। व्यक्ति के अपहरण का मामला पहले से ही दिल्ली के केशवपुरम थाना में दर्ज है। केशवपुरम थाना पुलिस मामले में कार्रवाई करेगी।
-बीर सिंह, थाना प्रभारी, कुंडली।